भाजपा के पोस्टरों से जयराम के पांच साल की कलई खुल रही है- कांग्रेस

Himachal News Others Politics Shimla

DNN सोलन, 12 अक्तूबर :

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पिछले 5 सालों में हुए विकास कार्यों पर बहस की खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में हिमाचल में हुए विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री कांग्रेस के किसी भी विधायक से बहस कर लें। सोलन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पांच साल से हिमाचल की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी के नए प्रचार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कामकाज की कलई खोल दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को समझ में आ गया है कि हिमाचल में उसकी सरकार से जनता नाराज़ है और जयराम के पांच साल के कामकाज पर वोट नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से राज्य में लगाए जा रहे नए पोस्टरों को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि ये पोस्टर भाजपा की बेचारगी को दिखाते हैं। कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने, देश की अर्थव्यवस्था और कोरोना के टीके आदि की बात करते भाजपा ने साबित कर दिया है कि राज्य में पांच साल में सिवाय जनता को ठगने के कुछ नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा में यही बुनियादी फ़र्क है कि कांग्रेस हिमाचल की जनता से हिमाचल के मुद्दों पर वोट मांग रही है और भाजपा केंद्र के कामकाज पर। उन्होंने कहा कि यह भी विडंबना है कि कोरोना काल में लॉकडाउन, ऑक्सीजन व दवा की कमी और बेहिसाब मौतों का दोष भाजपा के सर पर है और पोस्टर में दावा किया जा रहा है कि भारत का मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की अर्थव्यवस्था पर झूठ बोलकर भाजपा प्रपंच कर रही है। जिस समय डॉलर के मुकाबले रुपया रसातल में जा पहुंचा है।

देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार घट रहा है। महंगाई सर चढ़कर सबको रुला रही है और देश में ग़रीबी बढ़ने के आंकड़े आ रहे हैं। उस समय भाजपा अर्थव्यवस्था के मज़बूत होने का दावा कर रही है। उन्होंने कहा है कि जिस समय आर.बी.आई से लेकर दुनिया की सभी एजेंसियां देश में विकास की दर को घटा रही हैं उस समय ऐसा दावा करना भाजपा की निर्लज्जता को ही दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कोरोना से लेकर अर्थव्यवस्था तक किसी भी विषय पर केंद्र की उपलब्धियों पर खुली बहस कर लें। समय और स्थान भी वे तय कर सकते हैं, पर बहस खुली और सार्वजनिक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को समझ में आ गया है कि रिवाज़ बदलने के नारे से जनता की नाराज़गी नहीं बदलने वाली है। इसलिए भाजपा ने मुख्यमंत्री जयराम की फ़ोटो पोस्टरों और होर्डिंग से गायब करना शुरु कर दिया है।

News Archives

Latest News