DNN बिलासपुर
19 मार्च। उपमंडल स्वारघाट के तहत ग्राम पंचायत कुटैहला व मझेड के पंचायत समिति सदस्य रगी राम ठाकुर पर घर जाते समय मतनोह मझेड सम्पर्क सड़क पर सुरल नामक स्थान पर अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोक कर लुटपाट करने के इरादे से रिवाल्वर तान दी। इसी हाथापाई के दौरान पीछे से एक अन्य गाड़ी उसी सड़क पर आतीं देख हमलावार भाग निकले। घटना की जानकारी देते हुए रंगी राम ठाकुर ने बताया कि वीरवार देर शाम को जब वह स्वारघाट से अपने घर जा रहे थे, तो सुरल नामक स्थान पर तीन चार लोग पैदल जा रहे थे। जिन्होंने उन्हें रोकने का इशारा किया। रंगी राम ठाकुर ने सोचा कि शायद कोई उन्हीं के गांव की तरफ़ जाने वाला हो। लिहाजा जैसे ही वो लोग गाड़ी के नजदीक पहुंचे तो एक व्यक्ति ने उन पर रिवाल्वर तान दी ओर दो व्यक्तियों ने उन्हें पकड़ लिया। काफी देर तक खींचातान चलती रही। इतने में पीछे से एक अन्य गाड़ी आईं, जिसे देख कर हमलावर भागने में सफल हो गए। रंगी राम ठाकुर ने इस घटना की सूचना पुलिस थाना स्वारघाट में दे दी गई है। स्वारघाट पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एक अन्य मामले में राष्ट्रीय उच्च मार्ग चण्डीगढ़ मनाली पर नालियां में एक ढाबा संचालक राम लाल के साथ भी अज्ञात लोगों ने मारपीट की है।जिसकी शिकायत पुलिस थाना स्वारघाट में दी गई है। पुलिस थाना प्रभारी पुलिस थाना स्वारघाट बलवीर सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।














