बीटन में प्रो. राम कुमार व डीसी ने गौ अभ्यारण्य के लिए किया भूमि का निरीक्षण

Himachal News Others Una
DNN ऊना
20 अगस्त।  हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने उपायुक्त ऊना राघव शर्मा के साथ मिलकर हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले बीटन में गौ अभ्यारण्य के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर प्रो. राम कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसहारा गौवंश को आश्रय प्रदान करने के लिए गंभीरता के साथ प्रयास कर रही है। इसी दिशा में 534 कनाल भूमि पर बीटन में गौ-अभ्यारण्य का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है, जिससे हरोली विस क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की समस्या का निदान हो पाएगा। उन्होंने कहा कि अपने निरंतर प्रयासों से प्रदेश सरकार अब तक 17,407 बेसहारा पशुओं को छत्त प्रदान करने में सफल रही है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जून 2022 तक प्रदेश की सड़कों को बेसहारा पशु मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश की सड़कें सुरक्षित बनें तथा किसान भी बेसहारा पशुओं की समस्या से खेती-बाड़ी छोड़ने को मजबूर न हों, इस दिशा में आधुनिक गौ अभ्यारण्य तथा बड़ी गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है। जहां पर बेसहारा पशुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त मौजूदा गौशालाओं की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। बेसहारा पशुओं की समस्या का स्थाई निदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने राज्य में विभिन्न स्थानों पर 22.68 करोड़ रुपए की लागत से 8 गौ अभ्यारण्यों तथा 4 बड़े गौसदन बनाने का संकल्प लिया था, जिनमें से तीन गौ-अभ्यारण्य बनकर तैयार हैं।
प्रो. राम कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ सेवा करने वालों को आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रही है। कम से कम 30 बेसहारा गौवंश को सहारा देने वाले गौसदनों को 500 रुपए प्रति पशु प्रतिमाह की दर से मदद दी जा रही है।
जल्द शुरू होगा निशानदेही का कार्य
इस अवसर पर उपस्थित उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि बीटन में गौ अभ्यारण्य बनाने के लिए सबसे पहले भूमि की निशानदेही का कार्य शुरू किया जाएगा। एक या दो दिन के भीतर निशानदेही शुरू कर दी जाएगी। जिसके बाद गौ अभ्यारण्य में अन्य सुविधाएं जुटाई जाएंगी।
इससे पहले दोनों ने दुलैहड़ में गौ सदन का निरीक्षण भी किया। उपायुक्त राघव शर्मा ने गौशाला में तूड़ी स्टोर करने के लिए शैड बनाने, शौचालय व सेवादार के लिए रहने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए 10 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।  इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कमल सैणी, डॉ. सुरेश धीमान, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News