DNNनाहन
28 अप्रैल । हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने प्रदेश में हाल ही में गठित की गई कांग्रेस की नई टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है। सुरेश कश्यप ने जहां कांग्रेस पार्टी की नई टीम को बधाई दी है, तो वहीं इस मामले में विपक्ष पर तंज भी कसा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप आज दोपहर नाहन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मीडिया से बात करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की गठित की गई नई टीम को बधाई देते हुए विपक्ष पर इसको लेकर निशाना भी साधा है। सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की एक बहुत भारी भरकम टीम बनी हैं। ऐसा पहली बार देखा कि 5 अध्यक्षों की टीम कांग्रेस पार्टी ने तैयार है, जिसमें 4 कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि परिवार में मुखिया एक ही होता है और अगर परिवार में बहुत ज्यादा मुखिया बन जाते हैं, तो वह परिवार बिखर जाता है। चूंकि कांग्रेस पार्टी का यह अंदरूनी मामला है, लिहाजा वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करेंगे, लेकिन वह अपने पार्टी के संगठन की बात अवश्य करेंगे। सुरेश कश्यप ने कहा कि आज भाजपा का संगठन मजबूत कड़ी के तौर पर प्रदेश से लेकर पन्ना प्रमुख व पन्ना कमेटी तक चेन के रूप में कार्य कर रहा है, जिसे ओर अधिक मजबूती देने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता निरंतर लगे हुए है। सुरेश कश्यप ने दावा किया कि पार्टी हिमाचल प्रदेश में जिस मिशन रिपीट के लक्ष्य को लेकर चली है, उसमें निश्चित तौर पर कामयाब होंगे।
सुरेश कश्यप, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने यह भी कहा कि वर्तमान जयराम सरकार का साढ़े 4 साल का कार्यकाल अभूतपूर्व रहा है। न केवल जिला सिरमौर बल्कि पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। साथ ही उन्होंनें प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को भी सराहना की।















