DNN मनाली
04 मई। पर्यटन नगरी मनाली आने वाले देश विदेश के पर्यटक अब रोहतांग दर्रे के दीदार कर सकेंगे। बीआरओ ने रोहतांग दर्रे से बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया है। बर्फ हटाने व रोहतांग दर्रे की बहाली की सूचना बीआरओ ने मनाली प्रशासन को भी दे दी है। गौर हो कि मनाली के पर्यटन कारोबारी बहुत दिनों से रोहतांग दर्रे को सैलानियों के लिए जल्द बहाल करने की मांग कर रहे हैं। कारोबारियों की मांग को देखते हुए प्रशासन रोहतांग दर्रे को पर्यटकों के लिए बहाल करने जा रहा है। प्रशासन ने इसके लिए तैयारी शुरु कर दी है। सोमवार को मनाली में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान में आयोजित बैठक में भी रोहतांग बहाली का मुद्दा उठा था। पर्यटन कारोबारियों ने मंत्री गोविंद ठाकुर के समक्ष रोहतांग दर्रे को जल्द बहाल करने की मांग रखी थी। बीआरओ ने मनाली प्रशासन को रोहतांग दर्रे से बर्फ हटाने की सूचना दी है। अब मनाली प्रशासन तैयारी में जुट गया है।
बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि बीआरओ ने रोहतांग दर्रे सहित सभी दर्रों को बहाल कर लिया है। उन्होंने बताया कि सभी दर्रों की बहाली के बाद बीआरओ सभी सड़कों की हालत सुधारने में जुट गया हैम उन्होंने कहा कि सर्दियों में बर्फ़बारी के चलते कई जगह सड़क को नुकसान पहुंचा है। बीआरओ यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने को लेकर सड़क मरम्मत में जुट गया है।
एसडीएम मनाली डा. सुरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि वह आज शाम को रोहतांग दर्रे का दौरा करेंगे और हालात की रिपोर्ट उपायुक्त कुल्लू को देंगे।
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। पर्यटन कारोबारियों व सैलानियों को ध्यान में रखते हुए रोहतांग दर्रा जल्द ही पर्यटकों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।















