बिंदल ने की विधानसभा शुरू होने से पहले ये अपील, पूछे जाएगें 437 प्रश्न

Kangra Politics

DNN धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष डॉ0 राजीव बिन्दल ने आज धर्मशाला स्थित तपोवन विधान सभा भवन तथा परिसर का गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ कांगड़ा ज़िला प्रशासन तथा विधान सभा सचिवालय के तमाम अधिकारी मौजूद थे। विधान सभा अध्यक्ष ने इस दौरान तकनीकी व्यवस्थाओं, पक्ष तथा विपक्ष गैलरी, अधिकारी दीर्घा, विशिष्ट दीर्घा, दर्शक दीर्घा, मीडिया गैलरी, एवं अन्य सम्वन्धित पक्षों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के सभी सदस्यों से 6 दिन तक चलने वाले इस सत्र की सभी बैठकों में भाग लेने का आग्रह करते हुए तमाम चर्चाओं में अपनी उपस्थित दर्ज करवाने की अपील की । उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के रचनात्मक सहयोग से ही सत्र सफल हो सकता है। उन्होंने कहा कि सत्र का व्यापक सदुपयोग जनहित से जुड़े मुददों के लिए सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

डॉ0 बिन्दल ने परिसर में विभिन्न व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए 10 दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले इस सत्र के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुददों पर व्यापक विचार विमर्श किया जाएगा। इस दौरान जिन मुददों पर चर्चा होगी उन में सड़कों की स्थित, पर्यावरण, शिक्षा,स्वास्थ्य , पर्यटन, उद्योग, पेयजल आपूर्ति, युवाओं में नशे की प्रवृति तथा इससे निपटने के उपाय, परिवहन व्यवस्था आदि प्रमुख है।

डॉ0 विन्दल ने बताया कि वर्तमान सरकार के दूसरे शीतकालीन सत्र में कुल 6 बैठकें होंगी। इस दौरान दोनों पक्षों के सदस्यों द्वारा कुल 437 प्रश्न पूछे जाएगें, जिनमें 344 तारांकित एवं 93 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। 13 दिसम्बर का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। कुल 344 तारांकित प्रश्नों में से 189 प्रश्न ऑनलाइन तथा 155 ऑफलाइन हैं। इस अवसर पर विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा, एडीसी के के सरोच, सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

News Archives

Latest News