DNN सोलन
पिछले लगभग 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण सोलन जिला में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित होना शुरू हो गया है। कई स्थानों पर लोगों के घरों में पानी घुस गया है। तो कई सड़कें बंद पड़ी हैं। सोलन जिला में बारिश से अभी तक लगभग 30 से अधिक मुख्य व संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं। नेशनल हाईवे कालका से शिमला यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, लेकिन बारिश ज्यादा होने के कारण कई जगह पर ट्रैफिक वन वे किया गया है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सोलन जिला की कुछ सड़कें मलबा आने के कारण बंद पड़ी हैं। इनमें (सोलन से राजगड़ , सुबाथू से सोलन, धर्मपुर से कसौली वाया सनावर गांव, सूकी जोहड़ी से गरखल वाया लॉरेंस स्कूल) अधिक मलबा आने के कारण अवरुद्ध हुई है । दूसरी और लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़कों को खोलने के लिए मौके पर डटी हुई है।

सोलन जिला में हो रही भारी बारिश की वजह से जिला में 30 मुख्य व संपर्क मार्ग बंद हो चुके हैँ। लोक निर्माण विभाग को बारिश की वजह से मात्र एक दिन में 2.50 करोड़ रूपए का नुकसान हुआ है। अब तक बीते 15 दिनों में करीब 26 करोड़ रूपए का नुकसान जिला में लोक निर्माण विभाग को हो चुका है। भू-स्खलन की वजह से चायल गौड़ा मार्ग, चायल-काली टिब्बा रोड़, काेट जेखड़ रोड़, चायल-बांजणी, दंघील-भूरिंया, कथैड़ मार्ग, संपर्क मार्ग लोअर कथैड़, ओच्छघाट सलूमणा, सोलन-जौणाजी धर्जा, सलोगड़ा-अश्वनी खड्ड, कसौली-धर्मपुर-सुबाथू, शमलैच चिल्ला, सोलन कुम्हारहट्टी बड़ोग, बैरटी मनलोग, परवाणू गढयार, माताघाट-घईघाट रोड़, चंडी-गोयला, शालाघाट, अर्की कुनिहार, कुनिपुल बनगढ़, बनोगीघट्टी- बिजू क्यार,कंडा लाडवी कुनिहार, कुनिहार बैज की हट्टी, जामली जय नगर, संपर्क मार्ग सीतापुर भू-स्खलन की वजह बंद हो गए । इन मार्ग पर लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी तैनात कर दी है तथा सड़क से मलबा हटाए जाने का कार्य चल रहा है। लगातार बारिश की वजह से सड़क से मलबा हटाने में दिक्कत आ रही है।

भारी बारिश की वजह से अश्वनी खड्डी व गिरि पेयजल योजना में पानी के साथ गाद आ रही है जिसकी वजह से पानी की लिफ्टिंग भी प्रभावित हुई है। यदि मौसम इसी प्रकार बना रहता है तो आने वाले दिनों में सोलन शहर में पेयजल संकट हो सकता है। जिला भर में जल शक्ति विभाग की 15 पेयजल योजनांए बारिश की वजह से ठप हो चुकी हैं।















