DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
24 नवंबर। आधुनिक युग में किसान व बागवान भी हाईटेक होने लगे है। इसका उदाहरण जुब्बल के एक बागवान ने दिया है। बागवान द्वारा राष्ट्रीय कृषि बाजार के माध्यम व कृषि उपज मंडी समिति सोलन की सहायता से सब्जी मंडी सोलन में सेब बेच कर एक नया रिकॉड बनाया है।
प्रदेश में यह पहला ऐसा मामला है जब किसी बागवान ने डिजिटल प्रणाली का बखूबी प्रयोग कर अपने उत्पाद को सीधे बगीचे से व्यापारियों को बेचा है। राष्ट्रीय कृषि बाजार के अंतर्गत हर साल कृषि उपज मंडी समिति की ओर से करोड़ों रुपये का कारोबार किया जाता है, लेकिन योजना के तहत पहली बार मोबाइल ऐप के माध्यम से सीधे बगीचे से ही सेब की बोली लगाई गई।
कृषि उपज मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ रविंद्र शर्मा ने कहा कि सेब सीजन के तहत राष्ट्रीय कृषि बाजार यानी ई-नाम के अंतर्गत काफी कारोबार हुआ है, लेकिन शिमला के जुब्बल के रहने वाले बागवान ने राष्ट्रीय कृषि बाजार की मोबाइल ऐप के माध्यम से सोलन मंडी में एक लाख रुपये से अधिक का सेब बेचा है। यह प्रदेश का पहला ऐसा मामला है जब ऐप के माध्यम से सेब का ऑनलाइन कारोबार हुआ है। उन्होंने किसान बागवानों से ई-नाम के जरिए व्यापार करने की अपील की है।
ऐप से खेतों से ही बेच सकते है फसल

कृषि उपज मंडी समिति सोलन के अनुसार राष्ट्रीय कृषि बाजार की वेबसाइट एवं गूगल प्ले स्टोर से ई-नाम को डाउनलोड किया जा सकता है। इससे किसान बागवान अपने उत्पाद की फोटो अपलोड करेंगे, जिससे ऐप से जुड़े सभी व्यापारी उत्पाद को देख सकेंगे और ऑनलाइन उत्पाद की बोली लगा सकते है। कृषि उपज मंडी समिति सोलन की एक टीम भी ऑनलाइन बोली के लिए एक्टिव रहेगी और पूरे प्रोसेस को फॉलो करने में मदद करेगी।
सोलन मंडी में हुआ 20 करोड़ का व्यापार

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2019-2020 में कृषि उपज मंडी समिति सोलन के माध्यम से करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इस रिकॉर्ड को देखते हुए इस साल भी प्रधानमंत्री एक्सीलेंस अवार्ड से कृषि उपज मंडी समिति सोलन को नवाजा जा सकता है।















