DNN सोलन ब्यूरो
29 दिसंबर। सोलन जिला के विभिन्न क्षेत्रों सहित हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से हिमाचल पथ परिवहन सोलन डिपो के रूट प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि अधिक बर्फबारी के चलते यह रूट सोमवार से ही नहीं चल रहे हैं। सोलन डिपो के ऐसे 09 रुट नहीं चल पाए है।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को हुए हिमपात के कारण जहां लोग इससे खुश हैं और इसका आनंद ले रहे हैं, वहीं इससे स्थानीय लोगों की परेशानियां भी बढ़ी हैं। भारी बर्फ के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। एच.आर.टी.सी. व निजी बसों के कई रूट प्रभावित हो गए। इससे इन क्षेत्रों में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। हिमाचल पथ परिवहन निगम सोलन डिपो के भी 9 रूट फेल हो गए। इनमें भुट्टी से चंडीगढ़, बिजमल से सोलन और पुलवाहल से शिमला, बथाऊधार-राजगढ़, धायला देवठी से राजगढ़, सेर जगास से राजगढ़ रूटों पर बसें ही नहीं चल पाई। सोलन से खनोग के लिए गई बस भी बर्फबारी के कारण वापस नहीं लौटी है। सोलन से रोहड़ू जाने वाली बस भी नहीं जा पाई। सोलन से लघेचघाट गई बस भी दिन के समय लौटी है। इसके अलावा कई निजी बसें भी बर्फ वाले क्षेत्रों में फंसी हुई हैं।