DNN कसौली
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुख्खू के बबलू पंडित को इंटक प्रदेशाध्यक्ष बनाने के बाद अब परवाणू इंटक ने इसका समर्थन किया है। इंटक के जिला उपाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि उनकी टीम पूरी तरह इंटक के नए प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इंटक के बावा युग का अंत हो चुका है। मजदूरों के इस संगठन को एक युवा कामगार हितेषी नेता मिला है। पंडित पहले भी विभिन्न संगठनों के साथ जुड़कर समाज के हित की लड़ाई लड़ चुके हैं।
अब इंटक में प्रदेश की भागडोर संभालते हुए वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजदूरों के हितों के लिए लड़ेंगे।
जिला उपाध्यक्ष नीरज शर्मा धगड़, अमर, ओपी शर्मा, सुलभ शर्मा, विजय, नरेंद्र, सौरभ, विपिन, अशोक ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पंडित के नेतृत्व में मजदूरों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। प्रदेश में न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी, उद्योगों में ईएसआई-पीएफ का उचित प्रावधान, महिला मजदूरों को उद्योगों के मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाना सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए मुखिया के निर्देशन में इंटक आने वाले समय में हिमाचल में नया मुकाम हासिल करेगी।