बद्दी में छापेमारी में नकली दवाओं का जखीरा बरामद

Himachal News Others Solan

DNN बद्दी

प्रदेश के दवा नियंत्रक नवनीत मरवाह ने बताया कि बद्दी में कुछ फार्मा उत्पादन इकाइयों में नकली दवाओं के विषय में सूचना मिलने पर गठित टीम द्वारा प्रारम्भिक जांच के उपरांत त्वरित कार्यवाही करते हुए साईं रोड़ बद्दी स्थित मैसर्ज़ आर.एस. रोडलाईन के परिवहन गौदाम से बड़ी मात्रा में नकली दवाओं का जखीरा पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि बद्दी स्थित दवा नियंत्रक कार्यालय के अधिकारियों ने बद्दी पुलिस की सहायता से कुछ अन्य दवा उद्योगों में भी कार्यवाही की।


उन्होंने कहा कि कार्यवाही में मैनकाइंड फार्मा लिमिटिड सिक्किम तथा इंटास फार्मास्यूटिकलज लिमिटिड सिक्किम की मधुमेह के उपचार के लिए प्रयोग की जाने वाली दवा तथा मल्टीबिटामिन की नकली खेप पकड़ी गई।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध सूचना के आधार पर मैसर्ज मेगनाटेक इंटरप्राईज़िज बद्दी की उत्पादन इकाई में मारे गए छापे के उपरांत बड़ी मात्रा में नकली दवाइयां बरामद की गई। इनमें प्रोसेस्ड टेबलेटस और ब्लिस्टर पैक शामिल है। उन्होंने बताया कि मैसर्ज मेगनाटेक इंटरप्राईज़िज बद्दी, ज़िला सोलन के उत्पादन परिसर को सील कर दिया गया है और उक्त इकाई के मालिक को आगामी जांच में सम्मिलित होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। कम्पनी द्वारा नकली दवाओं के परिवहन के लिए प्रयोग में लाए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।


उन्होंने कहा कि दवा नियंत्रक दिल्ली को भी दिल्ली में नकली दवाओं की संदिग्ध डिलीवरी की जानकारी की सूचना मिलने पर सूचित किया गया है। नकली दवाओं की बरामदगी तथा उत्पादन इकाई को सील करने के विषय में न्यायालय को सूचित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच जारी है तथा आगामी विधिक एवं प्रशासनिक कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जाएगी।

News Archives

Latest News