फोटोयुक्त मतदाता सूचियां 27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर तक निरीक्षण के लिए उपलब्ध 

Himachal News Others Solan
DNN सोलन
27 अक्तूबर। भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन ज़िला के 51-दून तथा 52-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियां 27 अक्तूबर, 2023 से 09 दिसम्बर, 2023 तक निरीक्षण के लिए उपलब्ध हैं। यह जानकारी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंघल ने दी।
दिव्यांशु सिंघल ने कहा कि मतदाता सूचियां उपमण्डलाधिाकरी कार्यालय नालागढ़ सहित सम्बन्धित सहायक निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालय में उपलब्ध हैं। निर्वाचक नामावलियां प्रथम जनवरी, 2024 की अहर्ता तिथि के अनुसार तैयार की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रथम जनवरी, 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 27 अक्तूबर, 2023 से 09 दिसम्बर, 2023 तक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रारूप-6 पर आवेदन करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रथम अप्रैल, 2024, प्रथम जुलाई, 2024 तथा प्रथम अक्तूबर, 2024 की अहर्ता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक भी 27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर, 2023 तक प्रारूप-6 पर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर, 2023 तक दून तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची सम्बन्धित मतदान केन्द्रों पर प्रतिनियुक्त अभिहित अधिकारियों के पास निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में मतदाता बनने के लिए प्रारूप-6, मतदाता सूचियों में संशोधन तथा शुद्धि के लिए प्रारूप-7 एवं 8 का प्रयोग किया जा सकेगा। मतदाता सूचियों का निरीक्षण उपमण्डलाधिकारी कार्यालय नालागढ़ एवं सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालय में भी किया जा सकता है।

News Archives

Latest News