फील्ड में नियमित रूप से निरीक्षण करें खाद्य आपूर्ति अधिकारी

Hamirpur Others
DNN हमीरपुर 
27 नवंबर। उपायुक्त देवाश्वेता बनिक ने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जिला में खाद्य वस्तुओं और ईंधन की गुणवत्ता तथा इनकी पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ उपभोक्ता अधिकार अधिनियम, आवश्यक वस्तु अधिनियम, कूड़ा-कचरा नियंत्रण अधिनियम और खाद्य वस्तुओं से संंबंधित अन्य अधिनियमों की अनुपालना के लिए नियमित रूप से फील्ड में जाकर निरीक्षण करें। शुक्रवार को जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला में एक लाख 40 हजार से अधिक डिजिटाइज्ड राशनकार्ड धारकों को उचित मूल्य की कुल 296 दुकानों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के तहत राशन दिया जा रहा है। अगस्त, सितंबर और अक्तूबर के दौरान जिला के उपभोक्ताओं को 26 करोड़ रुपये से अधिक की खाद्य वस्तुएं वितरित की गई हैं। उपायुक्त ने कहा कि सभी डिपुओं में इन सभी खाद्य वस्तुओं का वितरण हर माह के पहले हफ्ते में ही हो जाना चाहिए। अगर इनकी आपूर्ति में कहीं देरी हो रही है तो अधिकारी त्वरित कदम उठाएं।
 उपायुक्त ने कहा कि पिछले तीन माह के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उचित मूल्य की दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के कुल 644 निरीक्षण किए हैं और 64 मामलों में अनियमितताएं पाए जाने पर 3 लाख 66 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई है। इनके अलावा डिपुओं और गोदामों से खाद्य वस्तुओं के 68 सैंपल लिए गए हैं। देवाश्वेता बनिक ने कहा कि जिला में पॉलीथिन कैरी बैग और थरमोकोल के डिस्पोजेबल कप-प्लेटों के प्रयोग पर पूर्ण पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी औचक निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि फल-सब्जी और अन्य दुकानों में रेट लिस्ट लगी होनी चाहिए। रसोई गैस आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रूट चार्ट के अनुसार निर्धारित स्थानों तक गैस सिलेंडरों की गाडिय़ां जानी चाहिए, ताकि इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए घर से दूर न जाना पड़े। गैस सिलेंडरों की गाडिय़ों में नियमानुसार लाउड स्पीकर भी लगे होने चाहिए। उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को सभी पैट्रोल पंपों में शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण करने तथा 15 दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में जिला के कुछ क्षेत्रों में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
  इस अवसर पर समिति के सदस्य सचिव एवं जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शिव राम राही ने विभिन्न योजनाओं और मामलों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, एडीएम जितेंद्र सांजटा, नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

News Archives

Latest News