डीएनएन सोलन
डेंगू एवं पीलिया, जठरांत्रशोथ (गेस्ट्रोएनट्राइटिस), अतिसार तथा हैजा जैसे विभिन्न जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए समुचित पग उठाने एवं कार्य योजना तैयार करने के लिए एक बैठक यहां उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम आशुतोष गर्ग ने की। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने संस्थान में पीने के पानी की क्लोरिनेशन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि होटल मालिकों, ढाबा मालिकों व उद्योगों द्वारा निकास किए जा रहे दूषित जल को पेयजल स्त्रोतों में जाने से रोकें। उन्होंने गर्मियों के दौरान टैंकरों के माध्यम से उपलब्ध करवाए जाने वाले पेयजल की पूरी तरह क्लोरिनेशन व परीक्षण करने के उपरांत ही वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर ब्लीचिंग पाउडर की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करें।
आशुतोष गर्ग ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चल रहे रेहड़ी-फड़ी वालों के पंजीकरण करने तथा उनके द्वारा परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की भी समय-समय पर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में सभी पेयजल प्राकृतिक जल स्रोत, बावडि़यों इत्यादि की जांच करना सुनिश्चित करें और जिन बावडि़यों का पानी पीने के योग्य नहीं है, वहां इस संबंध में सूचना पट्ट लगाए। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे केवल उन्हीं प्राकृतिक जल स्रोतों, बावडि़यों का पानी प्रयोग में लाएं जो सुरक्षित है। जिन बावडि़यों पर पानी न पीने के संबंध में चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं वहां का पानी प्रयोग में न लाएं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पेयजल को कम से कम 20 मिनट तक उबालकर ही प्रयोग में लाएं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वच्छता का पूर्ण ध्यान रखें और पूरे जि़ले में यदि कहीं खुले में शौच किया जा रहा है तो इस पर रोक लगाने के लिए जि़ला प्रशासन की सहायता करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. दरोच ने कहा कि जि़ले के सभी चिकित्सा संस्थानों में क्लोरिन व ओआरएस का भंडारण पर्याप्त मात्रा में कर लिया गया है तथा इन दवाओं को खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालयों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों व तथा शिक्षण संस्थानों के माध्यम से घर-घर तक पहुंचा जाएगा। बैठक में एसडीएम कंडाघाट संजीव शर्मा, एमओएच डा. एन.के गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चौहान, पुलिस उप अधीक्षक अमित ठाकुर, अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जनस्वस्थाय सुमित सूद, एसएमओ डॉ. राजन उप्पल, नालागढ़, धर्मपुर, अर्की, चंडी व सायरी चिकित्सा खंड के खंड चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे।

















