प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हो रहा घर बनाने का सपना, नाहन में भी लोग हो रहे लाभान्वित

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

24 दिसम्बर। प्रधानमंत्री आवास योजना एक ऐसी सरकारी स्कीम है, जिसका लक्ष्य समाज के कमजोर वर्गों को किफायती आवास (घर) प्रदान करना है। इस योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में भी कमजोर वर्गों के लाभार्थियों को आवास बनाने हेतु डेढ़ लाख रुपए तक की राशि प्रधानमंत्री की जाती है। इसी के तहत नाहन विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों का घर बनाने का सपना साकार हो रहा है।
दरअसल आज बीडीओ कार्यालय नाहन में ग्रामीण क्षेत्रों से ताल्लुक रखने वाले लोगों को आवास बनाने हेतु स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। लिहाजा 2 से 3 दिन के भीतर संबंधित लोगों के बैंक खातों में घर बनाने के लिए पहली किश्त डाल दी जाएगी। इस दौरान 21 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए, जिनके मिलने से लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ चमक रही थी और वह इस योजना के लिए सरकार का आभार भी जता रहे है।
मीडिया से बात करते हुए नाहन के कार्यकारी बीडीओ विकास बंसल ने बताया कि आज नाहन विकास खंड के 21 लोगों को स्वीकृति पत्र दिए गए हैं और दो दिनों बाद ही इन्हें पहली किश्त प्राप्त हो जाएगी, ताकि यह लोग अपना घर निर्माण शुरू कर सकें। उन्होंने लोगों का भी आह्वान किया कि वह इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं और अपने घरों का निर्माण करें।
वहीं योजना के लाभार्थी इसके लिए सरकार का आभार जता रहे है। लाभार्थी मीना देवी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से उनके पास अपना घर नहीं था। आज उन्हें इस योजना के तहत यह पत्र मिला है और जल्द ही उनका अपना मकान होगा। वहीं भूरा अली ने बताया कि इस योजना से उन्हें भी अपना घर मिलेगा। इसके लिए वह सरकार के बड़े आभारी हैं। उधर फिरोज दीन ने बताया कि वर्षों से वह कच्चे मकान में रह रहे थे। अब इस योजना में उनका पक्का मकान बनेगा। एक अन्य लाभार्थी पृथ्वी सिंह ने बताया कि योजना से उन्हें अपना घर मिलने जा रहा है और वह इसके लिए सरकार के आभारी हैं। अन्य लाभार्थियों ने भी सरकार की इस योजना को बहुत लाभदायक बताते हुए सरकार का धन्यवाद भी जताया है।
कुल मिलाकर प्रधानमंत्री आवास योजना आज उन निर्धन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो आर्थिक दृष्टि से बहुत कमजोर है और आज उनका अपना घर बनाने का सपना पूरा हो रहा है।

News Archives

Latest News