Dnewsnetwork
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए प्रयासरत है। हरदीप सिंह बावा आज उपमंडल नालागढ़ की ग्राम पंचायत ढांग निहली में ज़िला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस-2025 समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
विधायक ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के उपलक्ष्य पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का संघर्ष समाज के विकास में उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इन महान विभूतियों के उपदेशों से सीख लेकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है और उनके योगदान को सदा स्मरण किया जाना चाहिए।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय वर्ग के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित कर रही है।
हरदीप सिंह बावा ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी तथा उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
विधायक ने कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे छात्रों को 05 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर रहे छात्रों को 03 हजार रुपए व तृतीय स्थान पर रहे छात्रों को 02 हजार रुपए पुरस्कार के रूप में देकर सम्मानित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढांग की छात्रा सिमरन प्रथम, जसविंदर कौर द्वितीय तथा दीपिका तृतीय स्थान पर रही।
नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रीत प्रथम, कविता देवी द्वितीय तथा नवप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर, आधार कार्ड अद्यतन केंद्र, उद्यान एवं कृषि विभाग के जागरूकता शिविर तथा हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम सोलन द्वारा शिविर में विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया, ज़िला योजना अधिकारी सोलन आभा चौहान, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति विकास निगम सोलन के महाप्रबंधक अजय राघव, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ नियोन धैर्य शर्मा व स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।















