DNN अर्की (राजन)
अर्की पुलिस थाना के तहत गोहरी गांव में पैसे के लेन देन को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आज एक आरोपी रामपदार्थ को न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से न्यायालय ने उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया । डीएसपी प्रताप सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि दूसरा आरोपी दीपनारायण अभी भी पुलिस की गिरफत से बाहर है परंतु शीघ्र ही उसे गिरफतार कर लिया जाएगा । उन्होने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उन्होने मृतक रघु पर पत्थर से प्रहार किया था जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी । मृतक की शिनाख्त उनके ही साथियों अनिल व यादव ने की । फरार आरोपी दीप नारायण व मृतक मे जीजा साला का रिश्ता था ।
ज्ञात रहे कि गत सोमवार रात पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत गांव गोहरी में तीन प्रवासी मजदूरों के पैसों को लेकर हुए झगड़े में आपसी एक व्यक्ति की मौत हो गई थी तथा उसके दोनों साथियों ने उसकी लाश को जलाने का प्रयास किया था । पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एक व्यक्ति को गिरफतार कर लिया था जबकि दूसरा व्यक्ति मौके से फरार हो गया । डीएसपी प्रताप सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि गोहरी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग का सड़क का कार्य चला हुआ था जिसमेें प्रवासी बिहारी मजदूर कार्यरत थे । इनमें से तीन मजदूरों दीपनारायण, रामपदार्थ व रघु के बीच पैसे के लेन देन को लेकर कुछ झगड़ा हो गया था जिसमें दीप नारायण व रामपदार्थ ने रघु के सिर पर भारी पत्थर से वार किया । जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई । इस पर बाकी दोनों साथियों ने उसे झाड़ियां डाल कर जलाने का प्रयास किया परंतु लाश पूरी तरह नहीं जल पाई । सुबह जब गांव के किसी व्यक्ति ने अधजली लाश को देखा तो उसने गांव के उपप्रधान को सूचित किया जिस पर उपप्रधान ने अर्की पुलिस को वारदात की जानकारी दी । एसपी सोलन अभिषेक यादव ने भी मौके का दौरा किया था तथा पुलिस को दिशा निर्देश दिए । डीएसपी प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है तथा मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर लाश परिजनों को सौंप दी जाएगी ।















