DNN सोलन
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सोलन को अपने राजनैतिक जीवन में शुभ मानते है। सोलन से पूर्व मुख्यमंत्री का गहरा नाता है। यहीं कारण है कि 1991 के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हर चुनाव में या तो चुनावी प्रचार का आगाज या फिर अंत सोलन में ही करते है। विशेषतौर पर सोलन के गंज बाजार के मंच से। इस बार के लोकसभा चुनावों में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिमला संसदीय क्षेत्र में अपना चुनाव प्रचार अभियान सोलन से शुरू करेंगे। 20 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री की रैली सोलन में होगी। इस रैली को गंज बाजार में करने की तैयारियों उनके समर्थकों द्वारा शुरू कर दी गई है।
वहीं उनके समर्थक बताते है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने 1991 में महंगाई के खिलाफ बतौर विधायक अपनी रैली सोलन में की थी। यहां के कांग्रेस भवन से कांग्रेसी प्रदर्शन करते हुए गंज बाजार पहुंचे थे और यहां पर वीरभद्र सिंह ने रैली को संबोधित किया था। उस दिन के बाद से वीरभद्र सिंह चुनावी प्रचार की शुरूआत व अंत सोलन से ही करते है। सोलन में उनके समर्थक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व निदेशक अरविंद गुप्ता व पर्यटन विभाग के पूर्व निदेशक सुरेंद्र सेठी ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह ने हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव भी सोलन के परवाणू में ही जीता था। उन्होंने कहा कि 1992 में परवाणू में तत्कालीन रक्षा मंत्री शरद पवार व तत्कालीन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं हिमाचल प्रभारी मीरा कुमारी की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद को चुनाव हुआ था। जिसमें एनसी पराशर व वीरभद्र सिंह के बीच मुकाबला हुआ था। इन चुनावों में वीरभद्र सिंह ने जीत दर्ज की थी।