DNN सोलन
सोलन के राजगढ़ रोड स्थित खूड़ीधार में एक कुत्ते के मुंह में महिला का कटा हुआ हाथ मिलने के बाद पुलिस ने शव की तलाश के लिए क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया और इसमें पुलिस को कामयाबी मिल गई है। पुलिस ने साइंटिस्ट कॉलोनी से नीचे जंगल में नाले के पास एक शव बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर सीएफएल की टीम को बुलाया है जोकि मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करेगी। इसके बाद ही खुलासा हो पाएगा कि मामला आखिर है क्या। एएसपी अशोक वर्मा ने शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। दरअसल सोमवार को पुलिस ने शव बरामद करने के लिए सुबह के समय डॉग स्क्वाड की भी मदद ली थी और पुलिस के विभिन्न टीमें पूरे क्षेत्र में शव की तलाश में जुटी थी। इसी बीच पुलिस को सोमवार शाम के समय साइंटिस्ट कॉलोनी से नीचे की तरफ जंगली क्षेत्र में शव बरामद करने में कामयाबी हासिल हुई है। आपको बता दें कि रविवार को इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक कुत्ता एक कटा हुआ हाथ अपने मुंह में लेकर घूमता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और पुलिस मौके पर पहुंची इसके बाद शव की तलाश शुरू की गई और करीब 24 घंटे बाद पुलिस को इसमें कामयाबी मिल गई है।















