पुलिस की बड़ी कारवाई जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

Baddi + Doon Crime Solan
Dnewsnetwork
पुलिस जिला बददी ने एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार बद्दी क्षेत्र में एक युवक से मारपीट कर उसे भयभीत कर जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करवाने के मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के 48 घंटों के अंदर ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी विनोद  के अनुसार 27 फरवरी को शिकायतकर्ता रजनीश यादव निवासी हाउसिंग बोर्ड ने शिकायत दर्ज कराई कि शाम को ड्यूटी से लौटते समय गोल मार्केट के पास पांच व्यक्तियों ने उसे घेर लिया, उसका मोबाइल फोन छीनकर मारपीट की तथा भय दिखाकर उसके गूगल पे खाते से कुल 23,260 रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए और बाद में धमकाकर मौके से भगा दिया।
घटनला की शिकायत प्राप्त होते ही बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। बद्दी पुलिस की साइबर टीम द्वारा, यूपीआई ट्रांजेक्शन की पड़ताल, बैंक खातों की ट्रैकिंग तथा सीसीटीवी टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुनियोजित ढंग से दबिश देकर भूपेन्द्र सिंह निवासी धखडू माजरा तहसील बद्दी, चंदन प्रसाद निवासी जिला गया, बिहार हाल निवासी बद्दी, गोलू कुमार निवासी जिला गोपालगंज, बिहार, मोहम्मद आफताव तथा मोहम्मद फरमान निवासी जिला बरेली, उत्तर प्रदेश हाल निवासी बद्दी को गिरफ्तार किया।
एसपी विनोद धीमान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि उक्त आरोपी भोल-भाले लोगों को जुआ, सट्टा खेलने के लिए प्रलोभन देते थे तथा बाद में उन्हें डराकर-धमकाकर उनके मोबाइल फोन छीन लेते थे और जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवा कर धनराशि अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे ऐसी अन्य घटनाओं में भी संलिप्त रहे हैं या नहीं। बद्दी पुलिस ऐसे अवैध वसूली करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को किसी भी सूरत में बख्शेगी नहीं तथा ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

News Archives

Latest News