DNN बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत बाईपास रोड़ पर स्थित नई सब्जी मंडी के सभी सब्जी व फल विक्रेताओं ने हड़ताल पर उतरते हुए मंडी को बंद कर दिया। विक्रेताओं ने सब्जी मंडी तथा नगर परिषद बद्दी के कार्यालय में विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगे नप बद्दी के समक्ष रखीं। विक्रेताओं का कहना है कि पुरानी सब्जी मंडी, हनुमान चौक, सिक्का होटल, झाड़माजरी, वर्धमान, यूनिकैम चौक पर फल-सब्जियों की रेहड़ी फडिय़ों के कारण उनका कामकाज ठप्प हो गया है। नप को सौंपी शिकायत में राजेश, राहुल, मिंटू, कुलदीप, केवल, शशी, बब्बू, राजू, सोहन लाल, जगदीश, जितेंद्र, गुप्ता, रामा, रवि, बल्लू, लबू, श्याम वीर, मनोज, कृष्ण, शेर सिंह, अमर नाथ, सुकेत, कृष्ण ने बताया कि उन्होंने नई सब्जी मंडी में अपनी रेहड़ी फड़ी लगा रखी हैं। जिसके एवज में वह बकायदा नप को तहबाजारी जो कि 30 रूपये रोजाना है अदा कर रहे हैं। लेकिन पुरानी सब्जी मंडी, हनुमान चौक, वर्धमान, सिक्कां होटल, यूनिकैम चौक समेत शहर के विभिन्न स्थानों में रेहड़ी फड़ी लगने के कारण नई सब्जी मंडी में कामकाज ठप्प होकर रह गया है। नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विभिन्न स्थानों पर सड़कों किनारे फल व सब्जियों की रेहड़ी फडिय़ा लगाने के कारण लोग नई सब्जी मंडी नहीं पहुंच पाते। जिसके चलते नगर परिषद द्वारा स्थापित नई सब्जी मंडी उजडऩे के कगार पर है। विक्रेताओं का कहना है कि अगर नप ने नई सब्जी मंडी स्थापित की थी तो फिर क्यों शहर के विभिन्न स्थानों पर रेहड़ी फड़ी लगने दी जा रही है। अगर शहर में ही सड़कों के किनारे फल और सब्जियों की रेहड़ी लगनी हैं तो फिर नई सब्जी मंडी का कोई औचित्य नहीं रह जाता। विक्रेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक शहर के विभिन्न स्थानों से रेहड़ी फड़ी नहीं हटाई जाती वह नई सब्जी मंडी को बंद रखेंगे।
watch video
30 की बजाए 60 की पर्ची काटने का विरोध राजेश, राहुल, मिंटू, कुलदीप, केवल, शशी, बब्बू, राजू, सोहन लाल, जगदीश, जितेंद्र, गुप्ता, रामा, रवि, बल्लू, लबू, श्याम वीर आदि ने बताया कि नप द्वारा अधिकृत ठेकेदार सब्जी व फल विक्रेताओं के साथ धक्केशाही कर रहा है। नप द्वारा 30 रूपये की तहबाजारी रोजाना तय की गई है लेकिन बावजूद इसके ठेकेदार के करिदों द्वारा डरा धमकाकर जबरन 60 रूपये की पर्ची काटी जा रही है। विक्रेताओं ने कहा कि वह दिन भर कमरतोड़ मेहनत कर अपनी रोजी रोटी कमा रहे हैं लेकिन नगर परिषद और ठेकेदार उनके पेट पर लात मारने पर तुले हैं।
कार्यकारी अधिकारी नप बद्दी एंव एसडीएम नालागढ़ प्रंशात देष्टा ने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर लगी रेहड़ी फडिय़ों को हटाया जाएगा और कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ठेकेदार द्वारा अगर किसी भी तरह की अवैध बसूली की जा रही है तो इसकी जांच की जाएगी। नप द्वारा निर्धारित तहबाजारी ही रेहड़ी फड़ी वालों से बसूल की जाएगी। नप द्वारा 20 स्कवेयर फीट एरिया तक 30 रूपये निर्धारित हैं और इससे अधिक जगह होने पर 60 रूपये निर्धारित किए गए हैं।
नगर परिषद बद्दी चेयरमैन मदन लाल चौधरी ने कहा कि नई सब्जी मंडी के विक्रेताओं ने नप के पास शिकायत सौंपी है। जल्द ही विभिन्न स्थानों पर लगने वाली रेहड़ी फडिय़ों व सब्जी विक्रेताओं को नई सब्जी मंडी में स्थापित किया जाएगा। शहर में अवैध रेहड़ी फडिय़ों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जहां तक ठेकेदार द्वारा जो तय रेट से अधिक बसूली की जा रही है इसकी भी जांच होगी और उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


















