DNN सोलन
सोलन में इस बार शूलिनी मेला नहीं होगा। माता शूलिनी मंदिर में इस दौरान पंडित पूजा-अर्चना करेंगे लेकिन माता शहर की परिक्रमा करके अपनी बहन से मिलने के लिए नहीं जाएगी। यह जानकारी डीसी सोलन के सी चमन ने दी। सोलन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि कोरोना वायरस के चलते केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों के अनुसार इस बार मेला पहले की तरह नहीं होगा। शूलिनी माता मंदिर में शुक्रवार से पूजा अर्चना जरूर शुरू होगी, लेकिन माता परिक्रमा के लिए मंदिर से बाहर नहीं निकलेगी। मंदिर के अंदर ही तीनों दिन पूजा-अर्चना का कार्यक्रम होगा और लोग माता शूलिनी के दर्शन लाइव कर सकेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने माता शूलिनी के लाइव दर्शन करने की व्यवस्था की है। सोशल मीडिया के माध्यम से लोग माता शूलिनी के दर्शन कर सकेंगे। साथ ही वे घर बैठे ही चढ़ावा भी चढ़ा सकेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार मेले के दौरान किसी को भी किसी प्रकार के भंडारे लगाने की इजाजत नहीं है। क्योंकि कोरोना वायरस के चलते सोशल डिस्टेंसिंग बहुत जरूरी है। ऐसे में भंडारे लगने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग में भारी दिक्कत आ सकती है इसलिए उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस बार किसी प्रकार का भंडारा न लगाएं अन्यथा जिला प्रशासन को ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लानी पड़ेगी।















