पन्ना प्रमुख सम्मेलन एक नई अवधारणा जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी को सुदृढ़ करना : CM

Politics Solan

DNN सोलन

शिमला संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुखों का सम्मलेन आज सोलन में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने संबोधित करते हुए कहा कि पन्ना प्रमुख सम्मेलन एक नई अवधारणा है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि संगठन की सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका रही है और सरकार, संगठन तथा पार्टी के पदाधिकारियों को उचित सम्मान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पन्ना प्रमुख को अपने पन्ना पेज पर सभी तीस व्यक्तियों के निजी संपर्क को सुनिश्चित बनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोगों के समर्थन और सहयोग से भाजपा सत्ता में आई और सरकार इस माह के 27 तारीख को अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि एक साल का यह कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस अवधि के दौरान समाज के प्रत्येक वर्ग और राज्य के प्रत्येक क्षेत्र के कल्याण के लिए कई विकासात्मक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के समक्ष राज्य के विकासात्मक सम्बन्धी विभिन्न मामलों को प्रभावी ढंग से रखा है और जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश सरकार एक वर्ष के छोटे से कार्यकाल के दौरान केन्द्र से प्रदेश के लिए 9000 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को स्वीकृत करवाने में सफल रही है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के पास केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ भी नहीं है और विपक्ष के नेता खबरों में बने रहने के लिए मनगढ़ंत और झूठे बयान जारी कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का कोशिश कर रहे है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने आचरण और चरित्र में बुनियादी शालीनता बनाए रखने में पूरी तरह असफल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आरम्भ किया गया जनमंच आम लोगों की शिकायतों का उनके घर-द्वार के निकट समाधान करने में सहायक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने राजनीतिक विरोधियों की रातों की नींद हराम कर दी है। उन्होंने कहा कि जन मंच कार्यक्रम में अनेक कांग्रेसी नेता भी अपनी समस्याओं व मामलों के समयबद्ध निवारण के लिए भाग ले रहे हैंे। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में जन मंच के तहत आम लोगों की 20,000 से अधिक समस्याओं और शिकायतों का निवारण किया गया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने भारत सरकार द्वारा शुरू की गई उज्ज्वला योजना के तहत न आने वाले परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करने के लिए गृहिणी सुविधा योजना आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत अब तक पात्र लाभर्थियों को 40,000 गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के 10 करोड़ से अधिक लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत योजना आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत न आने वाले ऐसे परिवारों को स्वास्थ्य कवर प्रदान करने के लिए अपने स्तर पर हिमकेयर योजना आरम्भ की है।

News Archives

Latest News