DNN शिमला
एक पति द्वारा डंडे के वार से अपनी पत्नी की हत्या कर उसका शव बगीचे में फेंकने का मामला सामने आया है। यह मामला हिमाचल प्रदेश के चौपाल उपमंडल के तहत पड़ने वाले मडोग में सामने आया है। घटना के करीब 2 महीने बाद पुलिस ने क्षत-विक्षत शव बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक नेपाली मूल की माया अपने पति गोपाल व दो बच्चों के साथ बैहन में रह रही थी। दंपती यहां एक बागवान के बगीचे में काम करते थे। मढ़ोग निवासी सुनील बरागटा सोमवार को अपने बगीचे में काम कर रहा था। इस दौरान बगीचे में उसे एक जूता व कपड़े बिखरे हुए मिले। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर तहकीकात की और कुछ दूरी पर एक सड़ा-गला शव बरामद किया। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। शव की शिनाख्त लापता चल रही माया के तौर पर हुई। इस सिलसिले में पुलिस ने मृतक महिला के पति गोपाल से पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई बता दी। पुलिस के मुताबिक गोपाल ने डंडे के वार से पत्नी को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उस डंडे को भी बरामद कर लिया है। माना जा रहा है कि कहासूनी व आपसी अनबन की वजह से आरोपी ने पत्नी की हत्या की। डीएसपी चौपाल राज कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।















