DNN चंबा
थाना तीसा के तहत ग्राम पंचायत झज्जाकोठी स्थित पटवारघर में रात अचानक आग लग गई, जिससे पटवारघर में मौजूद पटवारी जिंदा जल गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान भगतराम के रूप में हुई है। सोमवार रात को पटवारी भगतराम राजस्व कार्य निपटाने के उपरांत झज्जाकोठी पटवारघर में ही सो गया था। रात को बिस्तर में अचानक आग लगने के कारण वह जिंदा जल गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस को मृतक के बेटे विपिन कुमार ने बताया कि वह सोमवार को एस.पी.ओ. पद के लिए आवेदन देने के लिए एस.पी. कार्यालय चम्बा गया हुआ था। शाम को जब वह चम्बा से वापस आया तो घर के भीतर से कुछ जलने की बदबू आ रही थी। जैसे ही उसने दरवाजा तोड़कर भीतर देखा तो उसके पिता जली हुई अवस्था में बिस्तर पर पड़े हुए थे, जिस पर उन्हें तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

















