DNN सोलन
सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल को लेकर लोगों को गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सरकार द्वारा अस्पताल को सुविधाएं देने में प्रदेश सरकार के नाकाम रहने पर युवाओं ने सोमवार को अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी को ताला भेंट करके संकेत किए कि बिना सुविधा के अस्पताल चलाने से बेहतर है कि इसे ताला ही लगा दो।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में डॉक्टरों की कमी और व्यवस्थाओं को लेकर 7 दिन से आमरण अनशन पर बैठे युवाओं ने एमएस को ताला सौंप कर विरोध जताया। युवकों का कहना है कि जब अस्पताल में कोई सुविधा नहीं मिल रही इससे अच्छा है कि गेट पर ताला लगा दिया जाए। ताकि बाहर से आने वाले मरीजों को पता चल जाए अस्पताल बंद है।
पिछले 6 दिनों से अनशन पर बैठे मनोज रघुवंशी, रोहित गुप्ता और राजीव अरोड़ा के साथ अन्य युवक सोमवार को पहले एमएस महेश गुप्ता के कमरे में पहुंचे। लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। पता चला कि एमएस सीएमओ के साथ बैठक में व्यस्त हैं। इसके बाद आंदोलन करने वाले युवक व अन्य लोग सीएमओ कार्यालय ही पहुंच गए। यहां पर अधिकारियों ने उन्हें बताया कि अस्पताल की कमियों को लेकर लगातार सरकार को पत्राचार किया जा रहा है।
इस पर आंदोलन कर रहे युवाओं ने एमएस को विरोध स्वरूप ताला सौंपा व अपना रोष जताया। उन्होंने कहा कि वे आज ही वह ऐसे ताले मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश, स्वास्थ्य मंत्री, विपक्ष व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भेजेंगे। ताकि उन्हें भी अवगत कराया जा सके कि देश में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।


















