निगम ऊना क्षेत्र में बरसात से पहले स्वां नदी व नालों की सफाई सुनिश्चित करें

Others Una
Dnewsnetwork
ऊना, 23 अप्रैल. अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने नगर निगम ऊना क्षेत्र में मानसून से पहले स्वां नदी, खड्डों और नालों से गाद हटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि गाद जमा होने से पानी का बहाव बाधित होता है, जिससे बारिश के समय पानी सड़कों, खेतों और घरों में घुस जाता है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
वे इस संदर्भ में गुरुवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विशेष रूप से नगर निगम ऊना क्षेत्र में मानसून से पहले की तैयारियों की समीक्षा की गई।
एडीसी ने निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में आने वाले सभी नालों, खड्डों और स्वां नदी की सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां वन विभाग की भूमि आती है, वहां से पूर्व अनुमति ली जाए तथा निजी भूमि के मामलों में स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर यह कार्य मानसून से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपमण्डलाधिकारी (नागरिक) ऊना अभिषेक मित्तल, उप वन संरक्षक विकल्प यादव, संयुक्त आयुक्त नगर निगम मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News