नाहन मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्स कर्मियों को वेतन के लाले, 4 महीने से नहीं मिली तनख्वाह

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

8 दिसम्बर। डा. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में कोरोना काल में तैनात किए गए आउटसोर्स कर्मियों को वेतन के लाले पड़े हैं। हालात यह है कि एक ओर जहां समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, तो वहीं पिछले 4 महीनों से संबंधित कर्मचारी अपनी तनख्वाह का इंतजार कर रहे हैं। दरअसल आश्वासनों के बावजूद भी जब समय पर वेतन नहीं मिला, तो आज यह आउटसोर्स कर्मी अपनी फरियाद लेकर डीसी सिरमौर राम कुमार गौतम के पास पहुंचे। कर्मियों ने इस बारे एक ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द वेतन जारी करवाने की मांग की है, ताकि वह भी अपने परिवारों का पालन पोषण कर सके। डीसी के पास फरियाद लेकर पहुंचे आउटसोर्स कर्मियों ने बताया कि कोरोना काल में उनकी तैनाती मेडिकल कॉलेज में की गई थी। कोविड काल के दौरान पूरी निष्ठा के साथ कार्य भी किया। मगर उन्हें समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें अपने घर का खर्चा चलाने में भी दिक्कत आ रही है। कर्मियों ने कहा कि उन्हें कई-कई महीनों के बाद एक महीने का वेतन जारी किया जाता है। मगर अब पिछले 4 महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। दीवाली भी ऐसे ही निकल गए। आउटसोर्स कर्मियों ने यह भी बताया कि जब इस बारे मेडिकल कॉलेज प्रशासन से बात की गई, तो उन्होंने बजट न होने की बात दोहराई। कर्मियों ने डीसी सिरमौर से मांग की कि जल्द से जल्द वेतन का भुगतान किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अन्य कर्मचारियों की तरह समय पर वेतन मिले।

News Archives