DNN नाहन
03 जून। जिला मुख्यालय नाहन में सेना के साथ चल रहे भूमि विवाद के एक हिस्से का निपटारा होने का दावा शुक्रवार को नाहन के विधायक डॉ राजीव बिंदल ने किया है। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने सैन्य क्षेत्र में एक लंबे समय से लंबित पड़ी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। लिहाजा सड़क निर्माण में आ रही सैन्य क्षेत्र की 1783 वर्ग मीटर भूमि की एवज में हिमाचल सरकार सेना को 1 करोड़ 12 लाख रुपये की राशि जमा करेगी, जिसके बाद ही यहां सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
मीडिया से बात करते हुए विधायक डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्रीय रक्ष मंत्रालय की तरफ से एक स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ है और लोक निर्माण विभाग को सड़क बनाने के लिए स्वीकृति दे दी गई है। उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत होगा। स्वीकृति के बाद अब नाहन शहर के समीप स्थित बिरोजा फैक्टरी से लेकर सब्जी मंडी तक सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा, जिससे एक दर्जन गांव सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। विधायक राजीव बिंदल ने कहा कि पिछले लंबे समय से सड़क निर्माण का यह मामला लंबित पड़ा हुआ था और लोग सड़क सुविधा से वंचित थे। सड़क निर्माण के लिए देने के लिए विधायक राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व सांसद सुरेश कश्यप का भी आभार जताया है।
बाइट: राजीव बिंदल, बीजेपी विधायक नाहन















