नाहन में तालमेल के कमी चलते फिर खुली पोल, निरीक्षण के दौरान कोर्ट परिसर का नहीं चला फायर हाइड्रेंट

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

18 मई । जिला मुख्यालय नाहन में एक बार फिर सरकारी विभागों के बीच तालमेल की कमी के चलते आगजनी की घटनाओं के दृष्टिगत स्थापित किए गए फायर हाइड्रेंट की पोल खुलती नजर आई और निरीक्षण के दौरान कोर्ट परिसर में स्थापित फायर हाइड्रेंट चालू ही नहीं हो सका। इस मामले में विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी देखने को मिली। बता दें कि इससे पहले 2 दिन पूर्व शहर के बड़ा चौक बाजार में भी आगजनी की घटना के वक्त फायर हाइड्रेंट में प्रेशर नहीं बन पाया था, जिसकी वजह से समय रहते आग पर काबू पाया नहीं जा सका।
दरअसल बड़ा चौक बाजार की घटना से सबक लेते हुए विधायक डॉ राजीव बिंदल के निर्देशों पर आज अग्निशमन सहित जल शक्ति विभाग व नगर परिषद के अधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थापित 45 फायर हाइड्रेंट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया जा रहा है। इसी बीच कालीस्थान तालाब के बाद टीम कोर्ट परिसर में स्थापित दूसरे फायर हाइड्रेंट का ही निरीक्षण करने पहुंची, तो यहां का फायर हाइड्रेंट चालू ही नहीं हो पाया। अग्निशमन विभाग ने जहां इस फायर हाइड्रेंट के न चलने पर जल शक्ति विभाग की कमी बताई, तो वहीं जल शक्ति विभाग इसे ठेकेदार की कमी बता कर पल्ला झाड़ता नज़र आया। लिहाजा विभागों के बीच तालमेल की कमी देखने को मिली। फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण देर शाम तक ही पूरा किया जा सकेगा।
अग्निशमन केंद्र नाहन के फायर ऑफिसर राम कुमार शर्मा ने बताया कि आज शहर में स्थापित 45 फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आगजनी की घटना के वक्त समय रहते काबू पाया जा सके। इस संबंध में बीते रोज बैठक में विधायक डॉ राजीव बिंदल ने भी निर्देश जारी किए थे। उन्होंने बताया कि बडा चौक बाजार में हुई घटना के समय पत्थर फंसे होने की वजह से प्रेशर नहीं बन पाया था। उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य बाजार में आगजनी की घटना के समय अतिक्रमण की वजह से भी छोटा वाहन ले जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। राम कुमार शर्मा, फायर अधिकारी, नाहन बता दें कि बीते रोज बैठक में विधायक डॉ राजीव बिंदल ने भी बड़ा चौक बाजार की घटना पर कड़ा संज्ञान लिया था और नाहन शहर में जो फायर हाईडेंट लगाए गए हैं, उनकी हर महीने टेस्टिंग की रिपोर्ट एसडीएम व एसपी को प्रेषित करने के निर्देश जारी किए है।

News Archives

Latest News