DNN सोलन
29 अगस्त। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर ने आज खण्ड विकास कार्यालय नालागढ़ के सभागार में आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत 51-नालागढ़ व 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन के लिए नियुक्त सैक्टर मैजिस्ट्रेट और सैक्टर अधिकारियों के साथ आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में आगामी विधानसभा निर्वाचन में सैक्टर अधिकारी की भूमिका के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में इस सम्बन्ध में भारत के निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
महेन्द्र पाल गुर्जर ने आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष और स्वतंत्र बनाने के लिए सभी सैक्टर अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को आवंटित मतदान केन्द्रों का दौरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्वाचन करवाने में सैक्टर अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि यदि सैक्टर अधिकारी को ऐसी कोई जानकारी मिलती है कि किसी क्षेत्र में मतदाताओं को विभिन्न माध्यमों से प्रलोभन दिया जा रहा हो या मतदान करने से रोका जा रहा हो तो भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उचित कार्यवाही की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सैक्टर अधिकारी और पुलिस विभाग द्वारा नियुक्त पुलिस कर्मी संयुक्त रूप से मतदान केन्द्रों का दौरा सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के सन्दर्भ में अति संवेदनशीलता मानचित्रण (वलनरेबल मैपिंग) का कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
बैठक में सैक्टर अधिकारियों की निर्वाचन में भूमिका के सम्बन्ध में नायब तहसीलदार निर्वाचन गोपी चन्द डोगरा द्वारा विस्तृत पूर्वाभ्यास करवाया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार नालागढ़ निशा सिंह आजाद, तहसीलदार रामशहर जनक राज, नायब तहसीलदार किशनगढ़ पवन कुमार, कानूनगो निर्वाचन रिशान्त शर्मा सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।















