DNN नालागढ़
17 मार्च उपमंडल मुख्यालय नालागढ़ में रेडक्रॉस समिति नालागढ़ द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। उप मंडलीय रेड क्रॉस समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम नालागढ़ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ परिसर में निर्माणाधीन ब्लड बैंक के निर्माण तथा इससे संबंधित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता बारे विशेष रूप से चर्चा की गई। बैठक में एसडीएम नालागढ़ ने जानकारी दी कि नालागढ़ में निर्माणाधीन ब्लड बैंक का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा इसके बचे हुए कार्यों को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया ब्लड बैंक नालागढ़ के लिए आवश्यक उपकरण एक दानी व्यक्ति द्वारा उपलब्ध करवाने की सहमति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि दानी व्यक्ति द्वारा अपनी धर्मपत्नी की स्मृति में यह उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे। इसलिए रेड क्रॉस समिति नालागढ़ ने यह निर्णय लिया है रेड क्रॉस भवन पर उक्त दानी व्यक्ति की पत्नी की याद में एक पटिका भी लगाई जाएगी ताकि भविष्य में रेड क्रॉस के माध्यम से असहाय व्यक्तियों की मदद के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आएं। महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी नालागढ़ गरीबों तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए शहरों एवं कस्बों के अलावा उपमंडल के दूरदराज क्षेत्रों में भी मदद प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों की तुलना में नालागढ़ क्षेत्र के लोग अत्यंत धार्मिक, सामाजिक तथा दानी स्वभाव के हैं तथा समय-समय पर रेड क्रॉस संस्था के माध्यम से गरीबों तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की हर संभव सहायता करते हैं।
इस अवसर पर नालागढ़ ट्रक यूनियन के प्रधान विद्या रतन चौधरी, दून वैली पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राजीव शर्मा, लॉर्ड महावीरा नर्सिंग कॉलेज से डॉक्टर आशिमा जैन, वरिष्ठ संवाददाता एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य आरूनी पाठक, पशुपालन विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉक्टर बीबी गुप्ता, सीडीपीओ नालागढ़ रमेश चंद, तहसील कल्याण अधिकारी नालागढ़ करण वर्मा, एसईबीपीओ नालागढ़ संजय वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।















