डीएनएन शिमला
हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थां से जुड़े 3 बड़े मामले सामने आए है। अहम बात यह है कि इन मामलों में आरोपी महिलाएं ही है। 2 मामलों में प्रदेश की पुलिस ने महिलाओं को नशीलें पदार्थां के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि 1 मामले में तस्कार की आरोपी महिला को अदालत ने दोषी करार देते हुए उसे कारावास की सजा सुनाई है।
पहला मामला
पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत नारकोटिक्स सैल के विशेष पुलिस दल ने छन्नी बेली गांव में गश्त के दौरान एक 32 वर्षीय महिला को 3.71 ग्राम नशीले पदार्थ हैरोइन सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। नारकोटिक्स सैल की टीम जब गश्त कर रही थी तो इस दौरान रिम्पी निवासी गांव डीडा डाकघर दीनानगर तहसील व जिला गुरदासपुर पंजाब पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगी, जिस पर पुलिस टीम में शामिल महिला आरक्षी ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से हैरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस ने हैरोइन सहित महिला को हिरासत में लेकर एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने मामले की पुष्टि की है।
दूसरा मामला
सोलन जिला की बददी पुलिस ने काठा में पुलिस ने एक महिला से चरस बरामद की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की तथा तलाश के दौरान महिला के हवाले से 253 ग्राम चरस बरामद की। एस.पी. बददी रानी बिंदू सचदेवा ने बताया कि पुलिस ने एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्जकर आरोपी महिला कलावती उर्फ पूनम निवासी सेक्टर-56 चंडीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है तथा कार्रवाई की जा रही है।
तीसरा मामला
चम्बा विशेष न्यायाधीश-2 की अदालत ने एक महिला को चरस तस्करी के मामले में दोषी करार देते हुए 4 वर्ष की कैद व 25 हजार रुपए का जुर्माना करने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर दोषी महिला को 1 वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना पड़ेगा। यह जानकारी न्यायवादी कंवर उदय सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि बानो पत्नी जम्मा निवासी गांव मंझौगा डाकघर टिकरीगढ़ के खिलाफ पुलिस ने वर्ष 2015 में 754 ग्राम चरस बरामद करने का मामला एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा-20 के तहत दर्ज किया था। पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार बानो 1 जून, 2015 को उस समय चरस सहित धरी गई जब रात के करीब सवा 2 बजे एक पुलिस टीम ने बालू के पास नाका लगाया हुआ था तो उक्त महिला बैग उठाए हुए पैदल चली आ रही थी। जैसे ही उसकी नजर पुलिस पर पड़ी तो उसने वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने महिला को धर-दबोचा और जब शक के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली तो बैग से 754 ग्राम चरस बरामद हुई।















