DNN सोलन
महिला ने अपने पति को नशा मुक्त केंद्र में नशा छुड़वाने के लिए भेजा, लेकिन उसके साथ वहां पर मारपीट हुई। जिसके कारण बाद में उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत परवाणू पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा और जांच आगे बढ़ेगी।
महिला ने परवाणु पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका पति जसविंद्र सिंह व जेठ देवेंद्र सिंह दोनों शराब पीने की लत से ग्रस्त थे। उन्होंने दोनों की शराब को छुडवाने के लिए 19 अगस्त को नशा मुक्ति केंद्र परवाणु में फोन पर संपर्क किया। इसके बाद इसी नशा मुक्ति केंद्र से उसी शाम को तीन लोग एक नीजि गाड़ी से उनके घर में आए और उन्होंने दोनों को उनकी गाड़ी में बिठा दिया और वह लोग नशा मुक्ति केंद्र चले गए। इसके बाद 20 अगस्त को यह अपने ससुर हरि सिंह व मौसा सुरेन्द्र सिंह के साथ इस नशा मुक्ति केन्द्र परवाणु में गए और दोनों की फीस व अन्य सामान दे कर वापस लौट आए। 23 अगस्त को शाम के समय नशा मुक्ति केन्द्र से फोन आया कि उनके पति की हालत काफी नाजुक है और उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ेगा। जिस पर नशा मुक्ति केंद्र वाले रात को उसके पति को लेकर तीन लोग गाड़ी में घर आए तथा यह उनके साथ गाड़ी में बैठ कर सैक्टर -32 अस्पताल में चली गई। वहां पर जब उसके पति को अस्पताल ले जाने के लिए स्टेचर पर लेटाया तो उसने देखा कि उसके पति की दोनों कलाईयों दोनों टांगो में नीचे की तरफ बांधने के निशान पड़े थे और मुंह व अन्य शरीर पर मारपीट के काले निशान थे। महिला ने कहा कि केंद्र में इसके पति के साथ मारपीट की गई। दूसरी ओर मामले की पुष्टि करते हुए डीसीपी योगेश रोल्टा ने कहा कि इस बारे में शिकायत मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कारवाई शुरु की है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और पोस्टमार्टम के बाद पता चल सकेंगा कि आखिर क्या हुआ था।















