DNN धर्मशाला
राज्य के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में अटल आशीर्वाद योजना के तहत् नवजात शिशुओं को निःशुल्क बेवी किट प्रदान की जायेगी। यह जानकारी शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने शाहपुर के 39 मील सिविल अस्पताल के 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सिविल अस्पताल के अतिरिक्त भवन का शिलान्यास करने के उपरांत एक जनसभा को सम्बोधित करते हुये दी। इसके साथ रंगीन डिजीटल एक्स रे मशीन का शुभारंभ भी किया। उन्होंने बताया कि इस सिविल अस्पताल में 30 बिस्तरों से बढ़ाकर 100 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी।
उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के स्तरोन्नत होने से जिला चम्बा के भटियात विस् क्षेत्र ज्वाली विस् व साथ लगती दर्जनों पंचायतों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार ने इस स्तरोन्नत अस्पताल के लिए 26 नए पदों का भी सृजन किया है । उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से बनने वाले इस आधुनिक स्वास्थ्य भवन में 6 मंजिले होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को हर महीने सहारा योजना के अंतर्गत दो हजार रुपये देगी। इस योजना में कैंसर, पैरालाइसिस ,थैलीसीमिया, हिमोफीलिया और रेनलफेलियर, पारकिनसन ,मसकुलर जैसी गंभीर बीमारियों को शामिल किया गया है।
सरवीन चौधरी ने सुनी समस्याएं
शहरी विकास मंत्री ने विभिन्न स्थानों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया और शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये।
















