DNN सोलन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि आज भाजपा 12 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व के सबसे बड़ी राजनीतिक दल के रूप में उभर कर सामने आई है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय राज्य और देश के प्रत्येक जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य पन्ना प्रमुख अवधारणा को आरम्भ करने वाला देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा कैडर आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता न केवल कार्यकर्ता है, बल्कि एक नेता है, जो अपने संबंधित क्षेत्र के लोगों को आगे आने के लिए प्रेरित कर रहा है।
शिमला संसदीय क्षेत्र के पन्न प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कहीं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख वो लोग हैं, जो देश की राजनीति को दिशा देने की क्षमता रखते है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति के रूप में उभर रहा है और पूरा विश्व भारत को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आरम्भ की गई जन धन योजना के तहत देश भर में लगभग 33 करोड़ नए बैंक खाते खोले गए। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा आरम्भ की गई उज्जवला और राज्य सरकार की गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत देश की महिलाओं को ईंधन की लकड़ी संग्रह और धुएं के छुटकारा मिला है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने सुनिश्चित बनाया है कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी सर्वोत्तम उपचार सुविधाओं से वंचित न रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि पन्ना प्रमुख सम्मेलन पार्टी को बूथ स्तर पर सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पन्ना प्रमुख का यह दायित्व बनता है कि उसके बूथ से भाजपा को अधिक से अधिक बढ़त मिले, ताकि श्री मोदी एक बार फिर सुदृढ़ राष्ट्र के लिए देश के प्रधानमंत्री बन सकें।