Dnewsnetwork
ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि 17 मई, 2026 को नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों में होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान का समय प्रातः 07.00 बजे से सांय 03.00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से आग्रह किया है कि मतदान अवश्य करें ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं निर्णय में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि शहरी निकायों के निर्वाचन के दृष्टिगत नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों के लिए 38 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सोलन के वार्ड नम्बर-2 में नया बस अड्डा के समीप स्थित लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता का कार्यालय तथा वार्ड नम्बर-8 में सनातन धर्म राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गंज बाज़ार, सोलन, हि.प्र. को महिला मतदान केन्द्र बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम सोलन के लिए 14 मतदान केन्द्र पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किए जाएंगे।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि शहरी निकायों के निर्वाचन के दृष्टिगत नगर परिषद परवाणू के सभी 09 वार्डों के लिए 09 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत कण्डाघाट के सभी 07 वार्डों के लिए 07 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगर पंचायत अर्की के 07 वार्डों के लिए 07 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सब सभी का कर्तव्य है और इस दिशा में समुचित प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद परवाणू, नगर परिषद नालागढ़, नगर पंचायत कण्डाघाट तथा नगर पंचायत अर्की में मतदान एवं मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इन सभी स्थानों पर आवश्यक पूर्वाभ्यास के उपरांत पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दिया गया है।
ई.वी.एम. भण्डारण कक्ष को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया
शहरी निकाय निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 17 मई, 2026 को होने वाले निर्वाचन के लिए आज नगर निगम सोलन स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम.) भण्डारण कक्ष को आज विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया।
इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से शिव दत्त ठाकुर व कंचन राणा, भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा व दिनेश शुक्ला, बहुजन समाज पार्टी के राकेश बराड़ सहित ज़िला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
शहरी निकाय-2026 के अंतर्गत नगर परिषद नालागढ़ के लिए 17 मई, 2026 को आयोजित होने वाले निर्वाचन के दृष्टिगत आज खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय नालागढ़ में सभी महिला पोलिंग पार्टियों का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया।
पूर्वाभ्यास के उपरांत सभी 12 पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दिया गया।
यह पूर्वाभ्यास राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर परिषद नालागढ़ के निर्वाचन के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक सुरेंद्र ठाकुर तथा निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
पर्यवेक्षक सुरेंद्र ठाकुर ने इस अवसर पर महिला पोलिंग पार्टियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाना प्रत्येक मतदान कर्मी का पूर्ण उत्तरदायित्व है। उन्होंने रविवार, 17 मई, 2026 को आयोजित होने वाले नगर परिषद चुनाव के सफल संचालन के लिए सभी पोलिंग पार्टियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने आशा जताई कि सभी कर्मचारी पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित बनाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया ने इस अवसर पर कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित मतदान कर्मियों के सहयोग से नगर परिषद चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 17 मई, 2026 को नगर परिषद नालागढ़ के लिए 09 मतदान केंद्रों में मतदान प्रातः 07.00 बजे से सांय 03.00 बजे तक करवाया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा निर्धारित समयावधि के भीतर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मतदान सम्पन्न होने के उपरांत 17 मई, 2026 को ही मतगणना भी होगी तथा चुनावी नतीजे़ घोषित किए जाएंगे। मतगणना नगर परिषद नालागढ़ के हॉल में आयोजित होगी।
इस अवसर पर 12 महिला पोलिंग पार्टियों को नगर परिषद निर्वाचन-2026 के सफल संचालन के लिए मतदान प्रक्रिया से संबंधित अंतिम चरण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में महिला मतदान कर्मियों को ई.वी.एम. मशीनों के संचालन, मतदाता सत्यापन, मॉक पोल, मतदान सामग्री के रखरखाव, मतदान उपरांत की औपचारिकताओं तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अंतिम रिहर्सल में मास्टर ट्रेनरों द्वारा महिला पोलिंग पार्टियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक चरण की व्यवहारिक जानकारी दी गई। पूर्व में आयोजित रिहर्सलों में सामने आई शंकाओं एवं अनुभवों के आधार पर महत्वपूर्ण बिंदुओं को दोबारा समझाया गया, ताकि मतदान कर्मियों को प्रक्रिया की पूर्ण स्पष्टता रहे और मतदान दिवस पर किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियात्मक कठिनाई उत्पन्न न हो।
इसके उपरांत सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक सामग्री वितरित कर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के पश्चात नगर परिषद नालागढ़ चुनाव के लिए मतगणना प्रक्रिया का मतगणना पूर्वाभ्यास भी आयोजित किया गया।
मतगणना पूर्वाभ्यास में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना से संबंधित संपूर्ण प्रक्रिया, मतगणना टेबलों की व्यवस्था, ई.वी.एम. से प्राप्त मतों का विवरण तैयार करने, परिणाम तैयार करने, अभिलेखों के रखरखाव तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से मतगणना संपन्न करवाने संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतगणना प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पूरी सावधानी, निष्पक्षता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न किया जाए।
इस अवसर पर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।















