नगर निगम को लेकर फिर जगी एक नई उम्मीद, लोगों की भावनाओं के अनुरूप ही बनेगा नगर निगम

Others Solan

DNN सोलन ब्यूरो

03 नवंबर। सोलन में लोगों की भावनाओं के अनुरूप ही नगर निगम बनाया जाएगा।  इसके लिए उपायुक्त सोलन को निर्देश जारी किए जाएंगे।  यह बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कही।  उन्होंने कहा की अभी आपत्तियां दर्ज हो रही है। नगर निगम का जब फाइनल ड्राफ्ट आएगा तब यह आपत्तियां कम हो जाएगी।  उन्होंने कहा कि प्रदेश के योजनाबद्ध विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से ही सोलन, मण्डी तथा पालमपुर में नगर परिषद को स्तरोन्नत कर नगर निगम बनाने का निर्णय लिया गया है। डाॅ. सैजल ने कहा कि सोलन शहर के आसपास के क्षेत्रों पर शहरीकरण का स्पष्ट प्रभाव दृष्टिगोचर होता है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में अधिक सुविधाएं प्रदान करने तथा क्षेत्रवासियों को लाभ पहुंचाने के लिए नगर निगम सोलन बनाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि जन भावनाओं का सम्मान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और नगर निगम सोलन में सम्मिलत किए जाने वाले क्षेत्रों का निर्णय जन भावनाओं तथा विकास की आवश्यकताओं के अनुरूप ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम सोलन के प्रस्ताव को अंतिम रूप इस उद्देश्य को ध्यान में रखकर ही दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में उपायुक्त सोलन को उचित निर्देश दिए गए हैं। वे शीघ्र ही इस सम्बन्ध में उपायुक्त सोलन से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर निर्देश देंगे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि नगर निगम सोलन के तहत लाए जाने वाले क्षेत्रों का प्रस्ताव वर्तमान में लोगों के समक्ष रखा गया है। इस सम्बन्ध में लोग अपनी आपत्तियां दर्ज करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पूर्व सभी आपत्तियों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार सभी पक्षों को ध्यान में रखकर अंतिम निर्णय लेगी। डाॅ. सैजल ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार नवीन प्रयासों के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न निर्णय प्रदेश के समान एवं संतुलित विकास की दृष्टि से लिए जा रहे हैं।

News Archives

Latest News