DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
05 अक्तूबर। जिला सोलन के धर्मपुर में बनने वाले प्रोसेसिंग यूनिट के लिए कवायद तेज हो गई है। सब्जी मंडी समिति द्वारा जगह के लिए एफसीए देहरादून की परमिशन के लिए कागजात तैयार किए जा रहा है ताकि प्रोसेसिंग यूनिट का कार्य तेजी से किया जाए। बता दें कि जिला सोलन के धर्मपुर में प्रोसेसिंग यूनिट प्रस्तावित है। धर्मपुर के दोसड़का में प्रोसेसिंग यूनिट बनाने के लिए 12 बीघा भूमि का चयन किया गया है। यह भूमि फारेस्ट के तहत आती है। इसके लिए कृषि मंडी समिति द्वारा एससीए की परमिशन के लिए खाका तैयार किया है और इसके लिए मंडी समिति द्वारा लगभग 90 हजार में एक एजेंसी को भी हायर किया गया है।
गौरतलब हो कि इससे पहले धर्मपुर के समीप जुनती गांव में चुनी गई 10 बीघा जगह का चयन किया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया था। इस कारण मंडी समिति को अपना फैंसला बदलना पड़ा था। फैसला बदलने के बाद समिति ने प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए जगह की तलाश की और धर्मपुर के दोसड़का में जगह का चयन किया था।, लेकिन अब इस भीम पर प्रोसेसिंग यूनिट बनाने के लिए प्रोसेस तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि इस भूमि पर न केवल प्रोसेसिंग यूनिट लगेगा, जबकि किसान भवन, दुकानें व अच्छा प्लेटफार्म बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। ध्यान रहे कि सीजन के दौरान टमाटर की भारी पैदावार होती है, लेकिन वह खेतों में ही सड़ता है, जिसका बड़ा कारण फूड प्रोसेसिंग यूनिट नहीं होना भी माना जाता था। उल्लेखनीय है कि सोलन प्रदेश का सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक जिला है। प्रदेश के कुल टमाटर उत्पादन का 40 फीसद से अधिक टमाटर अकेले सोलन जिला में पैदा होता है। वहीं, जिला शिमला व जिला सिरमौर का अधिक योगदान रहता है। यहां के हजारों परिवार जीवन यापन के लिए टमाटर की खेती पर आश्रित हैं। अधिक उत्पादन की स्थिति में किसानों को टमाटर का उचित मूल्य नहीं मिल पाता। कई बार तो हालात इतने बदतर हो जाते हैं कि किसान टमाटर को अपने खेतों में ही सड़ने देने के लिए मजबूर हो जाता है। इस प्रोसेसिंग यूनिट के लगने से सोलन ही नहीं बल्कि शिमला सिरमौर के टमाटर उत्पादकों को टमाटर का उचित मूल्य मिलना तय होगा। साथ ही कृषकों के टमाटर खराब होने व सड़ने से भी बचेंगे।
धर्मपुर के दोसड़का में प्रोसेसिंग यूनिट के लिए चयन की गई जगह के लिए एफसीए देहरादून की परमिशन के लिए कागजात तैयार किए जा रहे है। इसके लिए एजेंसी को भी हायर किया गया है। साथ ही इस भूमि में किसान भवन, दुकानें व अच्छा प्लेटफार्म बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
-संजीव कश्यप
अध्यक्ष, कृषि उपज एवं मंडी समिति, सोलन।















