दो ब्राह्मण उम्मीदवारों के बीच होगी अर्की में चुनावी जंग

Himachal News Others Solan

DNN सोलन
19 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी ने अर्की विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर गोविंद राम शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। गोविंद राम शर्मा दो चुनाव बाद धमाकेदार वापसी करने में कामयाब हुए हैं। इस बार उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी के साथ होगा। अहम बात यह है कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में इस बार 2 ब्राह्मण उम्मीदवारों के बीच चुनावी जंग होगी। जबकि अभी आम आदमी पार्टी ने इस विधानसभा क्षेत्र में अपने पत्ते नहीं खोले हैं। ऐसे में अर्की की राजनीति गोविंद राम शर्मा की वापसी के बाद एक बार फिर गर्म हो गई है। गोविंद राम शर्मा का टिकट कटने के बाद से घर बैठे उनके समर्थकों में भी उन्हें टिकट दिए जाने के बाद भारी उत्साह है। वही कांग्रेसी नेता संजय अवस्थी पिछला उपचुनाव जीतने के बाद यहां से विधायक बनने में कामयाब हुए हैं और इस बार फिर भी अर्की विधानसभा क्षेत्र से अपना भाग्य आजमाने के लिए चुनाव मैदान में उतर चुके हैं । पिछली बार उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रतन पाल के साथ था, लेकिन इस बार उन्हें चुनौती देने के लिए भाजपा ने गोविंद राम शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में जातीय समीकरण के हिसाब से इस बार 2 ब्राह्मण उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर हो रही है। वही आजाद प्रत्याशी के तौर पर राजेंद्र ठाकुर भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारियों में हैं ऐसे में यहां पर मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं।
ऐसे में कौन किसे मात देता है यह तो समय ही बताएगा, लेकिन इतना जरूर है कि गोविंद राम शर्मा के लिए यह चुनाव एक बार फिर खुद को साबित करने के लिए काफी ज्यादा महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। शर्मा की हार जीत उनका राजनीतिक भविष्य तय करेगी।

News Archives