देवभूमि में अनेक महापुरुषों ने लिया जन्म: सरवीन चौधरी

Kangra Politics

DNN धर्मशाला

पहाड़ी  गांधी बाबा  कांशी राम द्वारा देश की आजादी के लिये दिए गए योगदान के लिए देश व प्रदेश के लोग हमेशा कृतज्ञ रहेंगे। वह एक स्वतन्त्रता सेनानी तथा क्रांतिकारी साहित्यकार थे। उनके द्वारा देश के लिए किए गए कार्य हम सब के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेंगें। 
      यह उद्गार शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने आज जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के राजकीय  महाविद्यालय, बड़ोह में हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी शिमला द्वारा पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम की जयंती पर  राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि बाबा कांशी राम ने काव्य से सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक व सांस्कृतिक शोषण के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने जनसाधारण की भाषा में चेतना का संदेश भी दिया। 
उन्होंने कहा कि देवभूमि में अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया था और बाबा कांशी राम जी का अपना ही व्यक्तित्व था। सरोजनी नायडू ने उन्हें ‘‘बुलबुले पहाड़’’ का खिताब दिया था।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बाबा कांशी राम जी के लिए गत वर्ष जो कहा उसे लेकर सरकार गंभीर हैं। फिर भी वह आज की इन बातों को सरकार के समक्ष रखेंगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को सकारात्मक  सोच के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने साहित्यकारों का बाबा कांशी राम द्वारा किये कार्यों के प्रचार-प्रसार के लिए धन्यवाद किया। 
    इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री ने आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान जोगिंदर नगर द्वारा हर्बल गार्डन एवं हरवेरियम प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय परिसर में कपूर का पौधा भी लगाया। 
   

News Archives

Latest News