दुकान का ताला तोड़ा 4 लाख की नकदी पर किया हाथ साफ

Baddi + Doon Crime

Dnewsnetwork

बद्दी। बद्दी-साईं मार्ग पर हाउसिंग बोर्ड के समीप स्थित एक दूध डायरी की दुकान में देर रात चोरी की वारदात सामने आया है। अज्ञात बाइक सवार चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दुकानदार विनय कुमार काफी समय से दूध डायरी के होलसेल कारोबार से जुड़े हुए हैं। रोजाना की तरह वह रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दूध सप्लाई करने वाली गाड़ी मौके पर पहुंची तो चालक ने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। चालक ने तुरंत फोन कर दुकानदार को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही विनय कुमार मौके पर पहुंचे और दुकान के अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखा करीब चार लाख रुपये का कैश गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना बद्दी में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक सवार युवक रात करीब डेढ़ बजे दुकान के बाहर आता दिखाई दे रहा है। फुटेज में आरोपी दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसता है और कुछ देर बाद नकदी लेकर फरार हो जाता है। डीएसपी योगराज का कहना है कि अभी मामला संज्ञान में नहीं है अगर शिकायत हुई है तो कार्रवाई की जाएगी।

News Archives

Latest News