थ्रैशिंग मशीन में एक व्यक्ति ने गंवाए दोनों हाथ, मामला दर्ज

Himachal News Others Sirmaur

DNN पांवटा साहिब

23 अप्रैल। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण थ्रेशिंग मशीन की चपेट में आने से एक व्यक्ति के दोनों हाथ कट गए। हादसे के बाद व्यक्ति को 108 माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे आगामी इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले की शिकायत परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन पर भी की हैं।

जानकारी के मुताबिक तारा देवी पत्नी दिवंगत जयपाल निवासी गांव भारापुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद वह अपने भाइयों के साथ रहती हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके भाई कमलेंद्र ने 13 अप्रैल की रात को धौलाकुआं निवासी कमल को गेहूं निकालने के लिए घर बुलाया था। कमल अपने ट्रैक्टर व थ्रेशिंग मशीन के साथ घर पर आया और घर साथ लगते खेत में ट्रैक्टर व थ्रेशिंग मशीन गेहूं निकालने के लिए लगा दी।

महिला ने आरोप लगाए कि चालक नशे की हालत में था और काम के दौरान फोन पर बात कर रहा था। अचानक ही चालक ने टैक्टर की रेस तेज कर दी, जिससे थ्रैशिंग मशीन की गति भी बढ़ गई और उसके भाई गणेश कुमार के दोनों हाथ थ्रेशिंग मशीन के चपेट में आ गए। गणेश की दोनों बाजू कटकर थ्रेशिंग मशीन में चली गई। घटना की सूचना 108 को दी गई। फौरन ही गणेश को नाहन अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। महिला ने बताया कि उन्होंने पुलिस को सूचना इस कारण नहीं दी थी, क्योंकि उन्हें लगा था कि 108 में माध्यम से सूचना पुलिस को मिल जाएगी। लेकिन जब 7-8 दिन बाद भी जब पुलिस का कोई फोन नहीं आया तो 20 अप्रैल को उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी। इसके बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी वीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच जारी है।

News Archives

Latest News