थाना कसोगा के समीप निजी बस गहरी खाई में लुढ़की, चालक की मौके पर ही मौत, महिला सहित 2 घायल

Crime Sirmaur

DNN नाहन

13  अगस्त। सिरमौर जिला के धारटीधार क्षेत्र के थाना कसोगा के समीप गुरूवार शाम एक निजी बस हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि बस में सवार एक महिला सहित 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए है, जिन्हें नाहन मेडिकल काॅलेज में भेजा गया है। जानकारी के अनुसार विकास खंड नाहन के तहत थाना कसोगा के समीप एक निजी बस गहरी खाई में लुढ़क गई।  हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला सहित दो व्यक्ति घायल हो गए है।

ये बस नाहन से भरोग बनेड़ी के लिए रवाना हुई थी। हादसे के समय बस में चालक सहित कुल 3 लोग ही सवार थे। शुरूआती जांच में मिल रही जानकारी के अनुसार घटनास्थल वाली जगह पर पहले भूस्खलन हो चुका था, जिसके चलते काफी कीचड़ बना हुआ था। लिहाजा जैसे ही बस यहां से गुजरी तो स्किड होकर तकरीबन 200 मीटर नीचे खाई में लुढ़क गई। तुरंत आसपास के लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया और निजी वाहनों की मदद से घायल को नाहन मेडिकल काॅलेज भेजा गया। वहीं श्री रेणुका जी व नाहन से पुलिस दल मौके पर पहुंचा।

जिला की एएसपी बबीता राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बस हादसे के वक्त बस में चालक के अलावा 2 यात्री सवार थे। हादसे में चालक दर्शन सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि घायलों में रिखी राम व रक्षा देवी शामिल है, जिनका मेडिकल काॅलेज नाहन में उपचार चल रहा है। एएसपी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

News Archives

Latest News