त्रिलोकपुर मेले में पहाड़ी से हुआ भूस्खलन, 2 घायल, मची भगदड़

Crime Sirmaur

5 रेहड़ी वालों की रेहडियां भी नष्ट, टला बड़ा हादसा

DNN नाहन

उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिलोकपुर में नवरात्रि मेले के दौरान पहाड़ी से अचानक भूस्खलन होने के चलते जान बचाने के लिए थोड़ी देर के लिए भगदड़ मच गई। ग़नीमत यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मलबे की चपेट में आने से 2 लोग जरूर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार महामाया बाला सुंदरी मंदिर में माता टेक कर वापिस जा रहे एक व्यक्ति रविवार दोपहर को हुए भूस्खलन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब पहाड़ी से भूस्खलन हुआ तो अशोक कुमार पुत्र वेद प्रकाश निवासी डड़वी शाहबाद हरियाणा सडक़ से गुजर रहा था कि अचानक पहाड़ी से हुई भूस्खलन के मलबे के साथ सडक़ के किनारे लगे करीब 25 फुट के डंगे से गिरकर नदी में जा पहुंचा। जहां से स्थानीय लोगों ने उसे कालाअंब अस्पताल पहुंचाया। भूस्खलन से रेहडी लगाने वाली शाहनवाज को भी चोटें लगी है। पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में पांच रेहडी वालों की रेहडियां भी चपेट में आ कर नष्ट हो गई। रेहडी लगाने वालों में कृष्ण प्रसाद निवासी बिहार, कलीमुद्दीन व शिबू निवासी बदायूं यूपी, शहनाज निवासी फतेहगढ़ पंजाब व राजू उर्फ राजेंद्र निवासी बिहार का सारा सामपन भूस्खलन के मलबे की चपेट में आने से नष्ट हो गया। रेहडी लगाने वाले इन सभी लोगों को 10 से 20 हजार का नुकसान हुआ है। जबकि रामचंद्र को करीब 40 हजार का नुकसान इस भूस्खलन से हुआ है। हादसे की पुष्टि करते हुए त्रिलोकपुर मेला ड्यूटी सुरक्षा प्रभारी डीएसपी हेड क्वार्टर बबीता राणा ने बताया कि पहाड़ी से अचानक हुए भूस्खलन से एक व्यक्ति घायल हुआ है। जबकि 5 रेहडी वालों की रेहडियां नष्ट हो चुकी है।

News Archives

Latest News