DNN कुल्लू
29 अप्रैल। जिला कुल्लू में जहां नशा तस्करो पर कुल्लू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, तो वही अदालत में पूरे हो चुके नशे के मामले में जब्त किए गए मादक पदार्थो को भी नष्ट किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुल्लू पुलिस की टीम ने 16 करोड़ रूपए की चरस को जलाकर नष्ट किया। वहीं इस दौरान पुलिस विभाग के डीजीपी संजय कुंडू भी उपस्थित रहे।
जिला कुल्लू के जरड़ भुट्टी में पुलिस टीम ने शुक्रवार को 16 करोड़ रुपये की 160 किलोग्राम चरस जलाकर नष्ट की। इसके अलावा 120 चरस और 80 अफीम के पौधों को भी आग के हवाले किया गया। कुल्लू पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 43 मामलों में यह चरस बरामद की थी। इस दौरान पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि पुलिस की ओर से जलाई गई भांग उच्च गुणवत्ता की थी और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 लाख रुपये प्रति किलो कीमत थी। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू चरस की खेती व प्राकृतिक रूप से उगने वाली चरस भविष्य के लिए अति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि चरस की खेती व नशे की तस्करी को खत्म करने के लिए पुलिस सतर्क है। उन्होंने कहा कि नशे को प्रदेश से खत्म करने के लिए पुलिस की टीम लगातार काम कर रही है। इसके अलावा समाज के लोगो को भी इसके लिए आगे आने की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहे और अगर कोई ऐसी गतिविधि समाज में हो रही है तो इस बारे पुलिस को सूचित करे। इस दौरान पुलिस विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।















