डलहौजी सिविल अस्पताल को फिर मिला कायाकल्प अवॉर्ड 

Chamba Others
DNN चंबा
15 अप्रैल-  सिविल अस्पताल डलहौजी ने एक बार फिर से कायाकल्प अवार्ड को हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा 2016 में शुरू इस कार्यक्रम के तहत सिविल अस्पताल डलहौजी 2018 में भी पहले स्थान पर रहा और 25 लाख रुपए की अवार्ड राशि भी हासिल की थी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश गुलेरी ने बताया कि वर्ष 2020-21 के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न  स्वास्थ्य सुविधाओं के मानदंडों के आधार पर जो रैंकिंग जारी की गई है उसमें सिविल अस्पताल डलहौजी एक बार फिर 572 के स्कोर के साथ पहले स्थान पर घोषित किया है। जबकि सिविल अस्पताल करसोग दूसरे और सिविल अस्पताल सुन्नी तीसरे स्थान पर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह अवार्ड स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न तरह की सुविधाओं की उपलब्धता के आधार पर दिया जाता है। गौरतलब है कि चंबा जिला केंद्र सरकार की एस्पिरेशनल जिला योजना का भी हिस्सा है। चंबा जिला प्रदेश का एकमात्र ऐसा जिला है जो एस्पिरेशनल है। ऐसे में यदि चंबा जिला का कोई स्वास्थ्य संस्थान समूचे प्रदेश में शीर्ष पर रहता है तो इसका श्रेय उस संस्थान में कार्य करने वाले चिकित्सकों और अन्य स्टाफ को भी जाता है।
सिविल अस्पताल डलहौजी जिले में  कोविड अस्पताल के तौर पर भी अपने दायित्व को बखूबी अंजाम दे रहा है।
सिविल अस्पताल डलहौजी के प्रभारी डॉ विपिन ठाकुर ने कहा कि  सिविल अस्पताल डलहौजी को 2016, 2017 व 2019 में प्रशंसा पुरस्कार प्राप्त हुआ था। जबकि 2018 में पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला।

News Archives

Latest News