DNN पांवटा साहिब
06 जून। उपमंडल में सोमवार को एक बड़ा हादसा पेश आया। यहां यमुना नदी में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान (20) मनीष यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है। उधर, पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार युवक अपने चाचा चालक भूपेंद्र पुत्र ओम सिंह निवासी यमुनानगर (हरियाणा) के साथ ट्रैक्टर लेकर बहराल के पास यमुना नदी में रेत भरने आया था। वापिस जाते समय ट्रैक्टर नदी में फंस गया। इस दौरान ट्रैक्टर को बैक करते समय समीप खड़ा युवक अचानक चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची व मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।















