DNN कुल्लू
06 दिसम्बर। जिला भाष अधिकारी सुनीला ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि भाषा एवं संस्कृति विभाग, प्रदेश की लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन की दिशा में निरन्तर प्रयासरत है। विभाग द्वारा प्रति वर्ष सांस्कृतिक दलों तथा वादकों को प्रदेश में, प्रदेश से बाहर सांस्कृतिक अवसरों, मेले-त्योहारों व विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों हेतु भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि दलों के चयन के लिए विभाग द्वारा हर वर्ष जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लोकनृत्य दल को राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होता है । इस वर्ष जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन 17 दिसम्बर, 2021 को प्रातः 10ः00 बजे अटल सदन भवन में किया जा रहा है, जिसमें भाग लेने के लिए जिला कुल्लू के सभी पंजीकृत अथवा अपंजीकृत लोकनृत्य दल 14दिसम्बर,2021 तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, देव सदन भवन, कुल्लू में आवेदन कर सकते हैं । प्रतियोगिता में भाग लेने वाले लोकनृत्य दलों के लिए मानक निर्धारित किए गए हैं जिसके अनुसार लोक नृत्य दलों में नर्तकों की संख्या 20-22 के बीच में होगी चाहिए, जिसमें दल के गायक/वादक/नर्तक सम्मिलित होंगे । लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रदर्शन अवधि 12-15 मिनट होगी। प्रतियोगिता में पारम्परिक नृत्य, गीत एवं वादन ही प्रस्तुत किया जाएगा तथा सम्बन्धित दल केवल अपने ही क्षेत्र में प्रचलित नृत्य, गीत एवं संगीत प्रस्तुत करेगा। विभिन्न क्षेत्रों का मिला-जुला लोक नृत्य/गायक दल/वादक दल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा।
उन्होंने बताया कि लोकनृत्य दलों द्वारा परम्परागत वाद्य यन्त्रों का प्रयोग ही किया जाएगा तथा नर्तकों/ गायकों/वादकों के परिधान एवं आभूषण परम्परागत एवं मूल होने चाहिए। निर्णायक मण्डल द्वारा लिया गया निर्णय अन्तिम व सर्वमान्य होगा । अधिक जानकारी के लिये दूरभाष नम्बर 01902-222406 पर भी संपर्क कर सकते हैं ।















