जिला में 60 वर्ष से ऊपर के इतने लोगों को टीके लगे और 45 से 59 वर्ष के इतने लोगों का टीकाकरण हो चुका

Bilaspur Himachal News Others

DNN बिलासपुर

9 मार्च। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डाॅ0 प्रकाश दडोच ने बताया कि जिला बिलासपुर में 10 मार्च को नागरिक चिकित्सालय बरठीं, मारकंड, घुमारवीं, घवांडल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भराडी, हरलोग, झंडुता, पंजगाईं तथा तलाई प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुठेडा, तथा क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में कोरोना टीकाकरण किया जाएगा। जिला बिलासपुर में कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति तथा 45 से 59 वर्ष के वे लोग जिन्हें कुछ अन्य बीमारी है ऐसे लोगों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है। यह टीका सभी सरकारी अस्पतालोें में निःशुलक लगाया जा रहा है तथा निजी अस्पतालों में मात्र 250 रुपये प्रति व्यक्ति देकर लगवाया जा सकता है। टीका लगवाने के लिए किसी भी व्यक्ति को ज्यादा दूर जाने की जरुरत नहीं है क्योंकि वह अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में निर्धारित दिनों में टीका लगवा सकता है। इस विषय में निर्धारित तिथि से पहले आम जनता को समाचार पत्रों के माध्यम से अवगत करवा दिया जाएगा कि उनके नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों में किस-किस दिन टीकाकरण होगा। इस विषय में इच्छुक व्यक्ति आरोग्य सेतु ऐप या कोविन ऐप के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में अपने-अपने टीकाकरण का दिन चुनकर नाम दर्ज करवा सकता है। व्यक्ति अपनी इच्छानुसार टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य केन्द्र तथा दिन का चयन कर सकता है। इस विषय में ध्यान देने योग्य यह बात है कि पहले से स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित किया जाएगा कि किस-किस स्वास्थ्य केन्द्र में किस दिन टीकाकरण होगा। इच्छुक व्यक्ति को उन्हीं निर्धारित तिथियों में से चयन करना होगा इसके अतिरिक्त कुछ सीमित संख्या में इन स्वास्थ्य केन्द्रों में टीकाकरण के दिन ऑन स्पाॅट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी होगी जिसका लाभ भी इच्छुक ब्यक्ति उठा सकता है।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले में कोविड 19 टीकाकरण के तीसरे चरण में 60 वर्ष से उपर के लोगों को 1122 टीके लगे और 45 से 59 वर्ष के 12 लोगों का टीकाकरण हो चुका है  उन्होंने बताया कि अब तक किसी को भी टीका लगाने से कोई गम्भीर प्रतिकुल प्रभाव नहीं हुआ। टीकाकरण के बाद मामूली बुखार, टीका लगाने की जगह मामूली दर्द का होना तथा शरीर में दर्द होना जैसे प्रतिकूल प्रभाव हो सकते हैं इसलिए हम व्यक्ति को टीका लगाने के बाद आधा घंटा अपनी निगरानी में रखते हैं, घर जाने से पहले मरीज को एक हैल्पलाइन नंबर भी देते हैं कुछ भी होने पर वैक्सीन लगवाने वाले को वहां से मदद मिल जाती है। उन्होंने बताया कि वैक्सीन की एक डोज लगवाने के बाद 28 दिन के बाद दूसरी डोज लगवाई जाती है और उसके बाद 14 दिन शरीर रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाने में लगा देता है। दोनों टीके लगाने के 14 दिनों के बाद शरीर पर कोरोना वायरस का प्रभाव नहीं होगा या बेहद कम होगा, लेकिन मास्क व शारीरिक दूरी के नियमों का पालन जरुर करे। उन्होंने बताया कि कोविड-19 का टीका बिलकुल सुरक्षित है प्रमाणित है। किसी प्रकार की गलत अफवाहों व भ्रांतियों पर भरोसा न करें। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि ये टीके चरणबद्ध तरीके से सभी को लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी टीकाकरण के लिए जगह, तिथि का ब्योरा निर्धारित समय पर दे दिया जाएगा।
.0.

News Archives

Latest News